छतरपुर: मनुरिया ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुए विवाद के बाद सरपंच के भाई को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित हर्ष द्विवेदी ने अपने पिता और अन्य ग्रामीणों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित हर्ष द्विवेदी ने बताया कि उनकी बहन कल्पना द्विवेदी मनुरिया ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। पंचायत में सीसी रोड का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी राजबहादुर बंसल नामक व्यक्ति ने वहां आकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित के बड़े भाई ने उसे मना किया, तो वह उस समय विवाद करके वहां से चला गया।
आरोप है कि उसी रात राजबहादुर ने अपने साथी रवि अहिरवार (जो कि कथित तौर पर एक आदतन अपराधी है) के साथ मिलकर शराब के नशे में हर्ष द्विवेदी को कट्टा दिखाकर डराया-धमकाया। आरोपियों ने कहा, “तू कितना बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी पूरी उतार देंगे” और उसे जान से मारने की धमकी दी।*थाने और एसपी ऑफिस में शिकायत पीड़ित ने सुबह अपने पिता के साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हर्ष द्विवेदी का कहना है कि आरोपी रवि अहिरवार पर पहले से ही चोरी, डकैती, लूट, छेड़खानी और गुंडागर्दी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पक्ष ने आज एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। हर्ष के अनुसार, एसपी साहब ने जल्द से जल्द उचित कार्रवाई और दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


