
गांव जाने के लिए बैठे ग्राम नगवास के निवासी
– फोटो : AMAR UJALA
ख़बर सुनें
– प्रतिदिन आ रहे हैं ढाई सौ से अधिक संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर। जिले में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा जिले की सीमाएं सील कर दी गईं हैं। यहां पर आने वाले मजदूर और अन्य लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच की जा रही है। लेकिन, अभी तक किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए हैं। कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए शासन विभिन्न तरीकों से जागरुक कर रहा है। लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। इसके अलावा खांसी आने, छीकने पर मुंह पर रुमाल व टिस्यू पेपर के उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। हाथों से फैलने वाले संक्रमण को रोकने के लिए हाथों को बार-बार साबुन से साफ करने के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इसी प्रकार बाहर से आने वाले व्यक्तियों से होने वाले खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस विभाग द्वारा जनपद की सीमाओं को सील कर दिया गया है। यहां पर तैनात कर्मियों द्वारा आने वाले लोगों को डाटा लिया जा रहा है। इसके साथ ही बाहर से आने वाले सभी लोगों में किसी भी प्रकार के लक्षणों की जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक टीम गठित की गई है। यह टीम सीमाओं से अंदर आने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। जांच में लोगों का तापमान, खांसी व अन्य लक्षणों की जांच की जा रही है। किसी भी प्रकार के लक्षण नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम राहत की सांस ले रही है। थाना तालबेहट अंतर्गत ग्राम झरर के पास पुलिस द्वारा बैरीकैटिंग लगाकर बाहर से आने वाले लोगों को रोका जा रहा है। जहां पर डाटा की जानकारी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच हो रही है। यहां पर बीते रोज सोमवार को बस, ट्रक, डंपर से लगभग तीन सौ लोग व रविवार को ढाई सौ से अधिक लोग बाहर से आए। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना दी, जिस पर उनकी जांच की गई। हालांकि, किसी में भी कोई संदिग्ध लक्षण नहीं पाए गए। मंगलवार को झररघाट सीमा पर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह के निर्देशन में एसआई नरेश, हेड कांस्टेबल राजू व्यास, जागेश्वर दयाल, कृष्णवीर सिंह, हरीओम व हरीराम तैनात रहे। ———— बाहर से आने वाले लोगों का स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा परीक्षण किया जा रहा है। इसमें किसी में भी कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। – देवेंद्र सिंह क्षेत्राधिकारी तालबेहट ———— अब तक चार हजार लोगों का परीक्षण जिले में कोरोना वायरस को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाहर से आने वाले लोगों की कुंडली बना कर जांच की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान द्वारा बाहरी लोगों की जानकारी दी जा रही है। इसी प्रकार शहर में बाहरी लोगों की सूचना विभागीय अधिकारियों द्वारा दी जा रही है। इस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाहरी लोगों तक पहुंचकर उनके स्वास्थ्य को परखा जा रहा है। अब तक चार हजार जनपदवासी जो बाहर से आए हुए हैं, उनकी जांच कराई गई है। हालांकि, किसी अभी तक कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। ———- नहीं थम रहा बाहर से आने वाले मजदूरों का सिलसिला कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर बीते दिनों लॉकडाउन किया गया है। तब से अब तक लगातार जिले के बाहर रहकर मजदूरी करने वाले लोगों का आना- जाना लगा है। मंगलवार को भी तालबेहट- जखौरा मार्ग पर कई लोग आए। विकासखंड जखौरा के ग्राम नगवास के मजदूर वर्ग के लोगों ने बताया कि वह सोमवार की सुबह झांसी से पैदल चले थे। रात्रि में तालबेहट में रुके, जिसके बाद पैदल जखौरा होते हुए अपने गांव जा रहे हैं। ———- बाहर से आने वाले लगभग चार हजार जनपदवासियों की जांच की जा चुकी है। इनमें किसी भी प्रकार के कोई लक्षण नहीं पाए गए। – डा. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
Source link


