छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शुक्रवार को सांदीपनि विद्यालय, छतरपुर का निरीक्षण किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को विद्यार्थियों के साथ सुना। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर बोर्ड परीक्षाओं को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया और उन्हें तनावमुक्त रहकर परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जैसवाल ने कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से गणित सहित अन्य विषयों के प्रश्न हल करवाकर उनकी तैयारियों को परखा। उन्होंने स्वयं बोर्ड पर प्रश्न लिखे, जिन्हें विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक हल किया। विद्यार्थियों की तैयारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने उनकी प्रशंसा की और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी टिप्स साझा किए।
कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाएं और उनके डाउट समय पर क्लियर करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शंका न रहे। विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर अनावश्यक तनाव न लें, आत्मविश्वास बनाए रखें और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें। उन्होंने सलाह दी कि परीक्षा से एक दिन पहले माइंड फ्रेश रखें तथा माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद अवश्य लें।इसके साथ ही कलेक्टर ने विद्यार्थियों को परीक्षा में ले जाने वाली आवश्यक सामग्री—जैसे प्रवेश पत्र, पेन-पेंसिल और पानी की बोतल—एक दिन पहले ही तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की दिनचर्या और पढ़ाई की तैयारियों की जानकारी भी ली।कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों की तैयारी संतोषजनक प्रतीत हो रही है और इसका परिणाम निश्चित रूप से अच्छे परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आएगा।


