टोक्यो : दुनिया कोरोना वायरस (coronavirus) से लगातार जूझ रही है, भारत में जहां 2 सप्ताह के लिए लॉकडाउन (Lockdown) बढ़ा दिया गया है. वहीं जापान भी एक महीने के लिए आपातकाल की स्थिति को बढ़ा रहा है.
जापान के पीएम शिंजो आबे ने कहा है कि उनकी सरकार लगभग एक महीने तक आपातकाल की स्थिति का विस्तार करेगी. साथ ही क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए योजनाओं का मसौदा भी तैयार करेगी.
आबे ने कहा, ‘विशेषज्ञों के पैनल से यह रिपोर्ट मिलने के बाद मैंने मंत्री निशिमुरा से आपातकाल की स्थिति के मौजूदा ढांचे का लगभग 1 महीने के लिए विस्तार करने को कहा है.’
जापानी प्रधान मंत्री ने पहले सात क्षेत्रों के लिए एक योजना बनाई थी, लेकिन बाद में पूरे देश में इसे कवर करने के लिए बढ़ा दिया.
बता दें कि देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिसके चलते पीएम को यह निर्णय लेना पड़ा.
एक बड़ा प्रकोप मुश्किल में डाल देगा
जापानी प्रधानमंत्री ने कहा है कि वह विशेषज्ञों की बात सुनेंगे और निर्णय लेंगे. उन्होंने कहा, ‘विशेषज्ञों का दृष्टिकोण यह है कि भविष्य के लिए भी हमें जापानी लोगों के सहयोग की जरूरत बनी रहेगी.’
अधिकारियों को डर है कि एक बड़ा प्रकोप देश में पहले से ही दबाव झेल रही स्वास्थ्य सेवाओं को मुश्किल में ला देगा. दुनिया भर में COVID-19 महामारी शुरू होते ही देश ने जुलाई में होने वाले ओलंपिक को स्थगित कर दिया था.
वहीं देश ने 7 अप्रैल को लॉकडाउन प्रतिबंध की घोषणा की थी.
टोक्यो मेडिकल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष टोहोर ककुता ने चेतावनी दी कि देश को लंबी लड़ाई के लिए भी तैयार रहना चाहिए.
बता दें कि जापान में अब तक लगभग 14,000 coronavirus संक्रमण के मामले हैं और 415 मौतें दर्ज की गई हैं.

