भोपाल। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की करारी हार का मजा हर विपक्षी दल ले रहा है, लेकिन इनमें से एक तबका ऐसा भी है जो भाजपा से उपेक्षित रहा है। एक ऐसा ही बयान डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने दिया है। उन्होंने कहा कि ’बजरंग बली’ और राम मंदिर भी नहीं बचा पाए। तोगड़िया ने कहा कि भाजपा के लिए खतरे की घंटी है। भोपाल में एक प्रेस कांफ्रेंस का संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर घेरा। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि मुझे इस बात का दुख भी है कि कर्नाटक में बजरंग बली और राम मंदिर का मुद्दा भी भाजपा को बचा नहीं पाया। यह भाजपा के लिए 2024 लोकसभा चुनाव के लिए चेतावनी है। तोगड़िया ने कहा कि लोगों को रोजगार चाहिए। महंगाई से राहत चाहिए। किसानों को फसलों के उचित दाम चाहिए। सुरक्षा चाहिए। राज्य और केंद्र सरकार के कोटे से 1 करोड़ से ज्यादा सरकारी पद खाली हैं। यह पद भर देंगे तो ही वोट मिलेंगे। किसानों को सही मूल्य दे दो, 70 करोड़ किसानों के वोट मिलेंगे। पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर के दाम कम कर दो, पेट्रोल तो हम 60 रुपए लीटर कर दो। अगर भाजपा ऐसा करेगी तो तो बिना बजरंग बली के नाम भी वोट मिल जाएंगे। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि द केरला स्टोरी जैसी फिल्म बनना ही शर्म की बात है। बहन-बेटियों पर अत्याचार पर वाहवाही मची है। देश में हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। क्या देश में अभी भी हिंदुओं की शर्मनाक स्थिति है? यह सरकार की जिम्मेदारी है कि एंटी लव जिहाद और जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातें न हों। न ही दोबारा ऐसी फिल्म न बनाने की जरूरत पड़े।
भाजपा को बजरंग बली और राम मंदिर भी नहीं बचा पाया : डॉ. प्रवीण तोगड़िया


