नई दिल्ली:
सरकार और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच पांचवें दौर की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद किसानों का प्रदर्शन रविवार को भी जारी है. किसान कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े हैं. बैठक में कोई ठोस नतीजा नहीं निकलने के बीच प्रदर्शनकारी किसानों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है. कृषि कानून पर गतिरोध खत्म पर जुटी केंद्र सरकार ने नौ दिसंबर को एक और बैठक बुलाई है. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को कहा कि सरकार ने किसानों को आश्वासन दिया है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद जारी रहेगी और मंडियों को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘‘हम कुछ प्रमुख मुद्दों पर किसान नेताओं से ठोस सुझाव चाहते थे, लेकिन आज की बैठक में ऐसा नहीं हुआ. हमने उनसे कहा है कि सरकार उनकी सभी चिंताओं पर ध्यान देगी और हमारा प्रयास समाधान खोजने का रहेगा.” शनिवार को तीन केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किसानों की चार घंटे से अधिक समय तक बातचीत चली. किसानों ने आठ दिसंबर को ‘भारत बंद’ की घोषणा की है और राष्ट्रीय राजधानी आने वाले और मार्गों को अवरुद्ध करने की चेतावनी दी है. ट्रेड यूनियनों और अन्य अनेक संगठनों ने किसानों के ‘भारत बंद’ का समर्थन किया है.
Source link