मध्यप्रदेश के गुना जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में विदिशा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की सतर्कता और एक दुकानदार की सूझबूझ से यह मामला सामने आया।जानकारी के अनुसार आरोपी गुना के आरोन क्षेत्र में एक दुकान से गुटखा खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार को 100 रुपये का नकली नोट थमाया। नोट को देखकर दुकानदार को शक हुआ, जिसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से करीब 3 हजार रुपये के नकली नोट, एक कलर प्रिंटर, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला कागज और अन्य सामग्री बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली नोट खुद ही छापकर बाजार में चलाने की कोशिश कर रहे थे।पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जालसाजी और नकली मुद्रा से जुड़े गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं और अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपाए जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली नोटों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है और व्यापारियों से संदिग्ध नोट मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।


