भोपाल। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने मध्यप्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी संजीव श्रीवास्तव (बैच 2011) की नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार उन्हें मध्यप्रदेश में डायरेक्टर ऑफ सेंसस ऑपरेशंस (DCO) / डायरेक्टर ऑफ सिटिजन रजिस्ट्रेशन (DCR) के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत की गई है।
भारत सरकार के स्थापना अधिकारी कार्यालय से 23 मार्च 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने संजीव श्रीवास्तव की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। आदेश के मुताबिक वे तीन वर्ष की अवधि के लिए इस पद पर रहेंगे। उनकी यह नियुक्ति पद का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी मानी जाएगी। साथ ही आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह कार्यकाल सेवानिवृत्ति, आगे के आदेश या निर्धारित अवधि पूरी होने तक प्रभावी रहेगा, जो भी पहले हो।
केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को निर्देश दिए हैं कि संजीव श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से वर्तमान दायित्वों से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि DoPT के पूर्व निर्देशों के अनुसार अधिकारी को नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नई पोस्टिंग ज्वाइन करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने पर केंद्रीय स्टाफिंग योजना से डिबारमेंट की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
यह नियुक्ति मध्यप्रदेश में जनगणना संचालन और नागरिक पंजीकरण व्यवस्था को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। संजीव श्रीवास्तव अब राज्य में जनगणना संबंधी तैयारियों, आंकड़ा संकलन और नागरिक पंजीकरण से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की कमान संभालेंगे।