बागेश्वर। उत्तराखंड के पंचायत चुनाव में इस बार कई दिलचस्प और प्रेरणादायक नतीजे सामने आए हैं। इन्हीं में से एक है बागेश्वर जनपद के गरुड़ में हुई लक्ष्मण उर्फ लच्छू भाई की जीत, जिन्होंने अपनी 3.5 फीट की हाइट के बावजूद क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) बनकर इतिहास रच दिया है। लच्छू भाई की यह जीत यह साबित करती है कि जुनून, मेहनत और जनता का विश्वास हो तो कोई भी बाधा मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती।
चुनाव प्रचार में रही चर्चा:
पेशे से लोक कलाकार और डांसर लच्छू भाई, चुनाव प्रचार के दौरान ही खासे चर्चित रहे थे। उनके सोशल मीडिया पर पहाड़ी गानों पर नाचने के वीडियो खूब पसंद किए जाते हैं। उनका छोटा कद कई बार उनके लिए चुनौती बना, लेकिन उनके हौसले को कभी नहीं तोड़ पाया। प्रचार के दौरान वह बाइक और कभी-कभी घोड़े पर सवार होकर मतदाताओं के बीच पहुंचते और लोगों का दिल जीत लेते थे।
शानदार जीत और जनता का भरोसा:
लच्छू भाई ने गरुड़ गड़खेत क्षेत्र से अपने प्रतिद्वंदियों को 300 वोटों के भारी अंतर से हराया है। अपनी जीत पर उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। यह मेरे गांव वालों का मुझ पर भरोसा है और यह जीत मेरी नहीं, बल्कि मेरे लोगों की जीत है।
“लच्छू भाई की यह जीत उन सभी के लिए एक मिसाल है जो शारीरिक चुनौतियों के कारण अपने सपनों को पूरा करने में हिचकिचाते हैं। एक सामान्य परिवार से आने वाले इस ‘छोटे कद’ के योद्धा ने अपनी मेहनत और जनता के विश्वास से यह साबित कर दिया है कि इरादे पक्के हों तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।