छतरपुर। शहर में बढ़ती महंगाई अब आम लोगों के रोजमर्रा के नाश्ते समोसे पर भी अपना असर दिखा रही है। जिला अस्पताल के सामने फुटपाथ पर समोसे बेचने वाले दुकानदारों ने अचानक अपने दाम बढ़ा दिए हैं। पहले जहां 10 रुपये में दो समोसे मिलते थे, वहीं अब दो समोसे के लिए 15 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। यानी एक समोसे की कीमत करीब ढाई रुपये बढ़ गई है।विक्रेताओं ने अपने ठेलों पर नए रेट के पोस्टर भी लगा दिए हैं, जिससे आने वाले ग्राहकों को तुरंत जानकारी हो जाती है। जो लोग रोजाना सस्ते और स्वादिष्ट समोसों का आनंद लेने यहां आते थे, वे इस अचानक बढ़ोतरी से हैरान हैं।समोसा बेचने वाले दुकानदारों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण यह कदम उनकी मजबूरी बन गया है। तेल, गैस, आलू और अन्य जरूरी सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे उत्पादन लागत निकालना मुश्किल हो गया था। ऐसे में कीमतें बढ़ाना उनके लिए जरूरी हो गया। ग्राहकों की प्रतिक्रिया मिश्रित है। कुछ लोगों ने दाम बढ़ाने को जायज बताया तो कई ने इसे ज्यादा मानते हुए नाराजगी जताई। एक नियमित ग्राहक ने कहा, रोजाना दो समोसे खाने की आदत थी, अब महंगाई के कारण सोचना पड़ रहा है।


