तालबेहट। रंगों के पर्व पर नकली और मिलावटी शराब के चलन पर रोक लगाने के लिए चल रहे अभियान के दौरान आबकारी टीम ने तहसील क्षेत्र के कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। इस समय पूरे जिले में अवैध शराब कारोबारियों पर लगाम कसने के लिए छापेमारी चल रही है। बृहस्पतिवार को आबकारी विभाग की टीम ने सिद्धन की टौरिया, थाना पूराकलां अंतर्गत उगरपुर कबूतरा डेरा सहित कई स्थानों पर दबिश दी। टीम को सिद्धन टौरिया पर दबिश के दौरान 47 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ दो महिलाएं मिली। टीम ने लगभग एक हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया। एक अन्य महिला को भी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। तीनों महिलाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाइ की। इनके नाम अशोक रानी पत्नी दीपक, अंजली पत्नी सूरज और सपना पत्नी निखिल हैं। टीम में आबकारी निरीक्षक अमित कुशवाहा, मनीष कुमार, जमील अहमद, बालेंदु गौतम, आशिक अली, रामाकांत, दीपा आदि प्रमुख रहे।


