Israel-Hamas war, Day 19 LIVE updates : इजराइल-हमास के युद्ध को बीते 19 दिन, जा रही हजारों जानें

Israel-Hamas war, Day 19 LIVE updates
Israel-Hamas war, Day 19 LIVE updates

तेल अवीव। आज बुधवार को इजराइल और फिलिस्तीन के आतंकी संगठन हमास के बीच युद्ध को 19 दिन हो चुके हैं। इस बीच दोनों ही ओर से हमले जारी हैं। इजराइल अपनी पूरी ताकत से हमास को निशाना बनाकर फिलिस्तीन की गाजा पट्टी में हमला बोल रहा है। हजारों लोगों की जानें इसमें जा चुकी हैं। आपको बता दें कि वर्ष 1967 की ‘सिक्स डे वॉर’ के बाद गाजा पट्टी पर इजराइली सेना ने कब्जा कर लिया था। इसके 38 साल बाद अगस्त 2005 में इजराइली सेना ने गाजा छोड़ने का फैसला किया। जैसे ही यह हुआ, अगले ही साल 2006 में इस्लामी आतंकी समूह हमास ने यहां के चुनाव में जीत हासिल कर ली इसके बाद गाजा में एक छोटा सिविल वॉर शुरू हुआ, जिसमें हमास ने दूसरे फिलिस्तीनी संगठन फतेह को खदेड़ दिया। इसके बाद से गाजा में हमास का एकछत्र शासन हो गया। 2006 में ही गाजा पट्टी में करीब 75 हजार बच्चों का जन्म हुआ। इन बच्चों की उम्र आज की तारीख में 17 साल पूरी हो रही है। जब ये बच्चे 2 साल के हुए यानी 27 दिसंबर 2008 में फिलिस्तीन के आतंकियों ने इजराइल के स्देरोत शहर में रॉकेट से हमला कर दिया। इससे तिलमिलाई इजराइली सेना ने गाजा में घुसकर मिलिट्री ऑपरेशन चलाया। 22 दिन चले ऑपरेशन में 1400 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए और 13 इजराइलियों की मौत हो गई। जब ये बच्चे 6 साल के हुए यानी 14 नवंबर 2012 को इजराइल ने हमास के मिलिट्री चीफ ऑफ स्टॉफ अहमद जबारी को मार गिराया। इसके बाद एक हफ्ते तक फिलिस्तीनी लड़ाकों ने रॉकेट फायर किए और जवाब में इजराइल ने भी एयर स्ट्राइक की। जब ये बच्चे 8 साल के हुए यानी जुलाई-अगस्त 2014 में हमास ने 3 इजराइली किशोरों को किडनैप कर लिया और बाद में मार दिया। इसके बाद 7 हफ्ते तक चले संघर्ष में 2100 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए और 73 इजराइली लोगों की मौत हुई, इसमें 67 सेना के जवान थे। जब ये बच्चे 12 साल के हुए यानी मार्च 2018 में इजराइल और गाजा के बॉर्डर की दीवार के पास फिलिस्तीनी लोग प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए इजराइली सेना ने गोली चला दी। इसमें 170 फिलिस्तीनी लोगों की मौत रिपोर्ट की गई। जब ये बच्चे 15 साल के हुए यानी मई 2021 को रमजान के महीने में येरुशलम की अल-अक्सा मस्जिद में फिलिस्तीनियों और इजराइली फोर्सेज के बीच भिड़ंत हो गई। इसमें सैकड़ों फिलिस्तीनी घायल हो गए। इसके बाद हमास ने इजराइल पर रॉकेट अटैक किए। इजराइल ने पलटवार किया। 11 दिनों तक चली लड़ाई में फिलिस्तीन के 250 लोगों की मौत हुई और 13 इजराइली मारे गए। अब जब ये बच्चे 17 के हो गए हैं तो 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजराइल पर हमला कर दिया, जिसमें करीब 1400 इजराइली मारे गए। उसके बाद इजराइल की जवाबी कार्रवाई जारी है। महज 17 दिनों में 5 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। अब यह युद्ध किस मोड़ पर जायेगा, पता नहीं?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here