जबलपुर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच के बाद ‘साजिश’ निकली

जबलपुर, मध्य प्रदेश – मध्य प्रदेश के जबलपुर एयरपोर्ट पर सोमवार (30 जून 2025) को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एयरपोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने गहन तलाशी अभियान चलाया।

धमकी भरे ईमेल में स्पष्ट रूप से लिखा था, “एयरपोर्ट बिल्डिंग के अंदर विस्फोटक रखा है और जल्द ही धमाका होगा।” इस ईमेल के मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षाकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तुरंत ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया।

बम और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर की चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, लेकिन जांच में विस्फोटक जैसा कुछ भी नहीं मिला। घंटों की गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि धमकी फर्जी थी और एक अफवाह फैलाने की कोशिश की गई थी।

फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। ईमेल भेजने वाले का पता लगाने और इस साजिश के पीछे के मकसद का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here