मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन-जागरूकता और श्रमदान आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
विकासखंड राजनगर के ग्राम बीरौना में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही पॉलीथिन और डिस्पोजल के उपयोग से बचने की अपील की गई।
वहीं लवकुशनगर के मुंडेरी क्षेत्र में हनुमान तालाब की साफ-सफाई के लिए श्रमदान किया गया, जिसमें स्थानीय समिति और ग्रामीणों ने मिलकर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया।
इधर बिजावर के ग्राम लहर में जल संवर्धन योजना के तहत जल मंदिर (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया, जिससे ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।अभियान के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।


