टोक्यो: एम्यूजमेंट पार्क (Amusements Parks) में रोलर कोस्टर (Roller Coaster) जैसी रोमांचक राइड का लुत्फ उठाते हुए अक्सर लोगों की चीख निकल जाती है. कुछ लोग जानबूझकर आनंद उठाने के लिए ऐसा करते हैं, जबकि कुछ अपने डर को छिपाने के लिए ‘चीख’ का सहारा लेते हैं, लेकिन जापान (Japan) में अब यह संभव नहीं होगा. कोरोना (Corona Virus) महामारी को देखते हुए एम्यूजमेंट पार्क आने वालों से कहा गया है कि वह राइड के दौरान चीखने से बचें, ताकि कोरोना वायरस के प्रसार की आशंका को सीमित किया जा सके.
दरअसल, उत्साह या खौफ की वजह से चीखने के चलते लोगों के मुंह से थूक की बूंदें निकलकर हवा में फैल सकती हैं, इसलिए ऐसा करने से मना किया गया है. इतना ही नहीं, फुटबॉल मैच देखने के लिए स्टेडियम का रुख करने वालों से भी कहा गया है कि चीखने-चिल्लाने या गाना गाने के बजाये शांति के साथ अपनी टीम का समर्थन करें.
जापान का फ़ूजी-क्यू हाईलैंड (Fuji-Q Highland) थीम पार्क कोरोना महामारी के चलते तीन महीनों से बंद था. एक जून जब इसे फिर से खोला गया, तो यहां आने वालों के लिए कई नियम लागू किये गए. थीम पार्क ने लोगों से एम्यूजमेंट पार्क एसोसिएशन की सिफारिशों के अनुसार चीखने या चिल्लाने से बचने की अपील की है.
हालांकि, रोमांच के दीवानों को एसोसिएशन की यह सिफारिश पसंद नहीं आई है. इस संबंध में अब तक कई शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं. लोगों का कहना है कि खामोशी के साथ राइड का आनंद उठाना संभव नहीं है. राइड के दौरान चीख निकलना सामान्य प्रतिक्रिया है और इसे कोई कैसे नियंत्रित कर सकता है? खासतौर पर तब जब आप दो किलोमीटर लंबे फुजियामा रोलर कोस्टर पर सवार हों, जो अधिकतम 130किमी की रफ्तार पकड़ सकता है. आपको बता दें कि जब 1996 में फुजियामा को खोला गया, तब इसे दुनिया का सबसे तेज और लंबा रोलरकोस्टर कहा जाता था. इसका नाम पास के माउंट फ़ूजी के नाम पर रखा गया है.
लोगों के इस तर्क को खारिज करने के लिए कि रोलर कोस्टर राइड के दौरान शांत नहीं बैठा जा सकता, पार्क प्रबंधन ने एक वीडियो जारी किया है. जिसमें दिखाया गया है कि दो वरिष्ठ अधिकारी बिना चीखे-चिल्लाए फुजियामा की सवारी कर रहे हैं. लोगों को एसोसिएशन की सिफारिशों पर अमल के लिए प्रोत्साहित करने के लिए फ़ूजी-क्यू हाईलैंड (Fuji-Q Highland) थीम पार्क ने #Mao चैलेंज भी शुरू किया है. इसके तहत जो व्यक्ति गंभीर मुद्रा में रोलर कोस्टर राइड पूरी करता है, उसे एम्यूजमेंट पार्क की टिकट फ्री दी जाएगी.

