भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव का जवाब देते हुए तत्कालीन कमलनाथ सरकार के गिरने का कारण बताते हुए भ्रष्टाचार मसले पर एक्सपोज कर के रख दिया। सीएम शिवराज ने कहा कि कमलनाथ सरकार में 165 दिन में 450 आईएएस और आईपीएस के ट्रांसफर किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते हुए 15 महीने में वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया था।
कमलनाथ सरकार गिरने का कारण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ सरकार के गिरने का कारण अहंकार को बताते हुए कहा कि ‘’सरकार हमने नहीं गिराई, हम तो चुपचाप अपना काम कर रहे थे, सरकार गिरी उस अहंकार के कारण, आपने सिंधिया जी के आगे बाहे तान दी कि उतर जाओ सड़क पर, आत्म सम्मान को चोट पहुंचाई तब परेशान होकर कल आपके साथी थे, जो आज हमारे मित्र हैं, इसलिए छोड़कर आए और सरकार गिरी।‘’
भ्रष्टाचार पर कमलनाथ सरकार को एक्सपोज किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सदन में कहा कि कमलनाथ जी की सरकार ने भ्रष्टाचार का लोकव्यापीकरण कर दिया। शिवराज ने कहा- ‘’मैं दावे के साथ कहता हूं 2003 तक भी कांग्रेस की सरकार थी, कभी कलेक्टर और एसपी की पोस्टिंग में पैसा नहीं लिया गया यह इतिहास में पहली बार हुआ है।‘’ सीएम शिवराज यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा- ‘’आप सुन लें! टेंडर की शर्तों में बांध की नीव तक निर्माण होने के बाद पाइप लाइन के पैसे का भुगतान का प्रावधान था लेकिन, आपकी सरकार ने मापदंड शिथिल कर दिए और गलत तरीके 877 करोड़ 57 लाख रुपए आपने किया आपकी सरकार ने, कमलनाथ जी की सरकार ने भुगतान किया।‘’
इस्तीफे से 15 मिनट पहले घोटाला
सीएम शिवराज ने कमलनाथ सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘’आप सबूत पूछ रहे थे जब सरकार जा रही थी उस समय आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल देने के लिए स्तीफा देने से 15 मिनिट पहले 63 करोड़ रुपए का मोबाइल घोटाला कर डाला।‘’
‘कर्जमाफी का कचरा कर दिया’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के कर्ज माफी के वादे को याद दिलाते हुए कहा कि ‘’कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में इनके नेता श्री राहुल गांधी जी ने जो बात कही थी वह टेलीविजन पर दिखाई गई, ऑडियो हैं, वीडियो हैं। उन्होंने तय किया था कि 10 दिन में और उन्होंने गिनके कहा था। 10 दिन में अगर कर्जा माफ नहीं किया तो मैं मुख्यमंत्री बदल दूंगा। यह उन्होंने कहा था और यह ऑन रिकॉर्ड है। लेकिन आपने कर्जमाफी का कचरा कर दिया पूरा।‘’