कमल नाथ को बताया ‘करप्शन नाथ’ QR कोड के लगे पोस्टर

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ लोगों को मिल नहीं रहे हैं। लोग उन्हें QR कोड से स्कैन करके खोज सकते हैं।  भोपाल में लगे पोस्टर ये कह रहे हैं। भोपाल में पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें कमल नाथ को करप्शन नाथ बताया गया है। भले ही पोस्टर कागज के रूप में छपे हों, लेकिन उसमें क्यूआर कोड भी दिया गया है। पोस्टर में जनता से अपील की गई है कि स्कैम (घोटाला) से बचने के लिए स्कैन करें। पोस्टर में कमल नाथ को करप्शन नाथ लिखा गया है। जैसे ही इस पोस्टर की वीडियो और फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुए तो कांग्रेस आग बबूला होकर भाजपा पर हमलावर हो गई। त्रिलंगा से शाहपुरा की ओर जाने वाले मनीषा मार्केट, शैतान सिंह चौराहे पर यह पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर में पूछा गया है कि 1963 करोड़ का मोबाइल घोटाला, पच्चीस हजार करोड़ किसानों का कर्ज माफी घोटाला, 24000 करोड़ का हेलीकॉप्टर घोटाला, 1174 करोड़ का गेहूं बोनस घोटाला, 600 करोड़ का खाद घोटाला, 350 करोड़ का सीडी घोटाला आखिर किसने किया है? क्यूआर कोड को स्कैन करने पर उक्त घोटालों से संबंधित जानकारी भी सामने आ रही है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने इन पोस्टरों को साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के किसी बड़े नेता के आदेश के बाद किसी कार्यकर्ता ने इस तरह की हरकत की है। इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख के.के. मिश्रा ने कहा कि हमें इस पोस्टर अभियान से कोई डर नहीं है। अगर भाजपा इस तरह की डर्टी पॉलिटिक्स करने पर उतरी है तो हमारे पास भी प्रमाणिक आरोपों का भंडार है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि इन पोस्टर से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। शर्मा ने कहा कि इसका अर्थ है कि आप करप्ट थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here