Karnataka Drama Cm Hd Kumaraswamy Announce To Form A Sit To Probe Audio Clip Alleging Yeddyurappa Of Horse Trading Tk | कर्नाटक: ऑडियो क्लिप विवाद की जांच के लिए बनाई जाएगी SIT



कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने ऑडियो क्लिप विवाद में ‘सच्चाई को सामने लाने के लिए’ सोमवार को एसआईटी जांच की घोषणा की. कुमारस्वामी ने एक ऑडियो क्लिप जारी की थी जिसमें बीजेपी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा को एक कथित बातचीत में जेडी(एस) के विधायक को लुभाते हुए सुना जा सकता है.

विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार ने ‘सच्चाई का पता लगाने के लिए’ इस घटनाक्रम की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किए जाने का सुझाव दिया जिसके बाद कुमारस्वामी ने राज्य विधानसभा में यह घोषणा की. इस विवाद में रमेश कुमार का नाम भी घसीटा गया था.

परेशान दिख रहे कुमार ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा, ‘सच्चाई का पता लगाने के लिए एसआईटी का गठन करें. पंद्रह दिन में मुझे राहत दी जाए.’ सदन के सभी सदस्यों ने कहा कि अध्यक्ष को उनकी ईमानदारी के लिए जाना जाता है और उनके पद की गरिमा की रक्षा की जानी चाहिए.

कुमारस्वामी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ आरोप को लेकर वह भी ‘दुखी’ हैं और एसआईटी गठित करने के उनके सुझाव को स्वीकार किया जाता है. उन्होंने अध्यक्ष से कहा, ‘मैं सच्चाई का पता लगाने के लिए एक व्यापक जांच के लिए एसआईटी का गठन करने के लिए आपकी अनुमति चाहता हूं.’

कुमारस्वामी ने कहा था कि कथित बातचीत के दौरान येदियुरप्पा ने बीजेपी की मदद के लिए इस्तीफा देने वाले विधायकों के पक्ष में फैसला देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को ‘50 करोड़ रुपए की पेशकश’ के बारे में भी बात की थी.

 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here