केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने रविवार को राजकोट अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से देश के 57 हवाई अड्डों से वर्चुअली जुड़कर विभिन्न जन सुविधाओं का शुभारंभ किया। जिसके तहत खजुराहो एयरपोर्ट में भी चार तरह की जन सुविधा लागू की जा रही हैं।
खजुराहो एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह ने बताया कि खजुराहो एयरपोर्ट में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अवसर योजना के तहत स्थानीय लोगों को फायदा प्राप्त होगा। साथ ही यात्रियों को फ्री वाई-फाई तथा बच्चों के लिए किड जोन एवं यात्रियों के लिए लाइब्रेरी की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसमें यात्री लाइब्रेरी से किताब निकालकर यात्रा के दौरान हवाई जहाज में बैठकर पढ़ सकते हैं और गंतव्य में पहुंचकर दूसरे एयरपोर्ट की लाइब्रेरी में पुस्तक जमा कर सकते हैं। केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि अब एयरपोर्ट में भी रेलवे स्टेशन जैसी सामान्य दरों पर खान पान की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि हम अंतिम छोर में बैठे हुए हर उस व्यक्ति की चिंता करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार कर रहे हैं। जिनका सपना है कि हवाई चप्पल वाला भी हवाई जहाज पर यात्रा कर सके। इस वर्चुअल कार्यक्रम का खजुराहो एयरपोर्ट में डिस्प्ले के माध्यम से प्रसारण एयरपोर्ट के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सुना और देखा तथा प्राप्त हुई जन सुविधाओं पर आज से ही जमीनी स्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है।


