7 तारीख को मनेगी बहनों की दीपावली, खाते में आएंगे 1250 रुपये

भोपाल। वैसे तो दीपावली का पर्व पूरा देश 12 नवंबर को मनाएगा, लेकिन मध्य प्रदेश की महिलाओं की दीपावली 5 रोज पहले यानि 7 नवंबर को ही मन जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके बैंक खाते में 1250 रुपये आएंगे। यह लाभ लाड़ली बहना योजना की पात्र हितग्राही महिलाओं को मिलेगा। आपको बता दें कि पिछले दिनों सोशल मीडिया और मीडिया में खबरें आ रही थी कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में आचार संहिता लागू है। ऐसे में इस बार लाड़ली बहना योजना का पैसा तभी आएगा, जबकि चुनाव आयोग इसकी अनुमति देगा। मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने फोन पर चर्चा में बताया कि हमें किसी भी तरफ का ऐसा पत्र नहीं मिला है, जिसमें महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाड़ली बहना योजना संंबंधित पत्राचार किया है। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी आर आर भोंसले ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के लिए पैसे डालने संबंधित कोई भी पत्र हमने चुनाव आयोग को नहीं लिखा है। उन्होंने आगे बताया कि लाड़ली बहना योजना पूर्व से संचालित स्कीम है। इसके लिए चुनाव आयोग की अनुमति लेना जरूरी नहीं है। तय समय में 7 नवंबर को योजना के लिए पात्र महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित की जाएगी।


क्या है लाड़ली बहना योजना
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार ने कुछ महीने पहले 5 मार्च 2023 को शुरू की गई थी। योजना के तहत पहले पात्र महिलाओं के खातों में 1 हजार रुपये महीने डाले जाते थे। बाद में यह राशि बढ़ाकर 1250 रुपये कर दी गई। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब अपनी हर सभा में कहते दिखते हैं कि यह राशि बढ़ाकर 3 हजार रुपये महीने की जाएगी।
योजना के तहत प्रदेश में करीब 1 करोड़ 32 लाख महिलाएं पात्र हैं। इन सभी के बैंक खातों में हर महीने 1250 रुपये डाले जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here