Madhya Pradesh Weather Update: सर्द हवाओं ने पूरे मध्य प्रदेश में बढ़ाई सिहरन

Weather update madhya pradesh
Weather update madhya pradesh

भोपाल। सर्द हवाओं ने पूरे मध्य प्रदेश में सिहरन बढ़ा दी है। मंगलवार-बुधवार की रात सबसे कम 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया में रिकॉर्ड हुआ। 17 जिलों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। वहीं, राजधानी में रात के समय कुछ बादल छाए रहने से रात का तापमान मंगलवार से  2.2 डिग्री से बढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आपको बता दें कि मंगलवार को रात का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, बुधवार को पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी तीन-चार दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। रात के तापमान में कुछ और गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ पी के शाहा ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी क्षेत्रों में वर्षा भी हुई है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी होने से पूरे मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। इस समय उत्तर भारत क्षेत्र में कोई भी प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। वहीं, हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इस कारण से दिन-रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। अभी तीन-चार दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। उसके बाद प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में सक्रिय होने के संकेत हैं। उसके बाद हवाओं का रुख बदलने से तापमान में धीरे-धीरे कुछ बढ़ोतरी होने के भी आसार हैं।
प्रमुख शहरों की न्यूनतम तापमान की बात की जाए तो दतिया में 12.3, ग्वालियर 12.4, भोपाल 15, जबलपुर में 14.2, इंदौर में 15.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग में अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में भी तापमान में इसी तरह की गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकांश तापमान जहां स्थिर रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। ऐसे में लोगों को ठंड का एहसास हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here