भोपाल/जगदीशपुर। मध्यप्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2025 की फसल बीमा दावा राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के बैंक खातों में कुल 1460 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि अंतरित की। यह राशि मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद किसानों के खातों में जारी की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितों और उनकी आर्थिक सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से संवेदनशील हैं। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई और किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है।मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि इस बार अल-नीनो प्रभाव के कारण मानसून सामान्य नहीं रहने का अनुमान है। ऐसे में किसानों के लिए फसल बीमा कराना बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि प्राकृतिक आपदा या उपज में नुकसान होने की स्थिति में उन्हें वित्तीय सहायता मिल सके।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से 2024-25 तक प्रभावित किसानों को कुल 30 हजार 942 करोड़ 34 लाख रुपए की बीमा दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है।सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान के आर्थिक जोखिम से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय सीमा के भीतर अपनी फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ सुनिश्चित करें।


