छतरपुर के बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 305 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पिछले सात वर्षों से इस आयोजन के माध्यम से जरूरतमंद बेटियों का विवाह करा रहे हैं, ताकि कोई भी गरीब बेटी शादी से वंचित न रह जाए।
इस आयोजन में साधु-संत, कथावाचक, जनप्रतिनिधि और आठ देशों के राजदूत भी शामिल हुए। विवाह की सभी पारंपरिक रस्में विधि-विधान से निभाई गईं। बाबा बागेश्वर ने सभी कन्याओं को गृहस्थी का आवश्यक सामान उपहार स्वरूप भेंट कर विदा किया। इस दौरान वे राजदूतों के साथ नृत्य करते भी नजर आए।
विवाह समारोह के दौरान धीरेंद्र शास्त्री भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि अपनी बहन की शादी के समय जिन कठिनाइयों का सामना उन्होंने देखा, वैसा कष्ट किसी गरीब बेटी को न सहना पड़े, इसलिए वे यह आयोजन करते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Rajendra Shukla भी पहुंचे और इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक दृष्टि से सराहनीय कदम बताया।


