- मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव बुधवार को संपन्न
- स्थाई समिति के सदस्यों के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने मारी बाजी
दिल्ली में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. दिल्ली नगर निगम में सालाना होने वाले मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव बुधवार को संपन्न हो गए. तीनों ही नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी बहुमत में है, यही वजह है कि तीनों ही जगह बीजेपी के उम्मीदवार बगैर किसी विरोध के चुन लिए गए.
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर के पद पर जयप्रकाश, वहीं डिप्टी मेयर के पद पर रितु गोयल को निर्विरोध चुन लिया गया. इसी तरह दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में मेयर के पद पर अनामिका सिंह और डिप्टी मेयर के पद के लिए सुभाष बढ़ाना को निर्विरोध रूप से चुन लिया गया. पूर्वी दिल्ली नगर निगम में निर्मल जैन मेयर के पद पर चुन लिए गए.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में तेज हुई कोरोना की रफ्तार, मुंबई को पीछे छोड़ मरीजों की संख्या 70 हजार पार
जितेंद्र जी, अजय जी और गीता जी को बधाई और शुभकामनाएं https://t.co/Qf4kyr2s6d
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) June 24, 2020
आम आदमी पार्टी ने मारी बाजी
बीजेपी बहुमत में है इसलिए मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव तो महज औपचारिकता भर था, लेकिन असली चुनावी दंगल तो स्थाई समिति के सदस्यों के चुनाव में हुआ.
दरअसल, तीनों ही नगर निगम में स्थाई समिति के तीन-तीन पद खाली थे, लेकिन उम्मीदवार कई थे. बीजेपी के अलावा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार उतार दिए थे.
ये भी पढ़ें- दिल्ली हिंसा मामले में जामिया के 5 छात्रों से स्पेशल सेल ने की पूछताछ
तीनों ही नगर निगमों में आम आदमी पार्टी ने जबरदस्त तरीके से बढ़त बनाते हुए अपने एक-एक उम्मीदवार को जिताने में कामयाब हो गई, जबकि कांग्रेस का कोई भी उम्मीदवार स्थाई समिति के सदस्य के पद पर नहीं जीत पाया.
स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से साउथ एमसीडी से जितेंद्र कुमार, नॉर्थ एमसीडी से अजय शर्मा और पूर्वी दिल्ली एमसीडी से गीता रावत ने चुनाव जीत कर सबको चौंका दिया.
कांग्रेस के मुकेश गोयल को हार का सामना करना पड़ा. मुकेश गोयल पिछले 15 साल से कांग्रेस पार्षद हैं और कांग्रेस पार्षद दल के नेता भी हैं .


