प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अम्फान तूफान से प्रभावित पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे. अम्फान के कारण राज्य के दक्षिणी हिस्से में नुकसान का आकलन करने के लिए पीएम मोदी शुक्रवार को बंगाल जाएंगे. पढ़ें, गुरुवार शाम की 5 बड़ी खबरें.
1-पीएम मोदी ने मानी सीएम ममता बनर्जी की अपील, कल ही करेंगे तूफान प्रभावित बंगाल का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10.30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे. इसके बाद पीएम मोदी और ममता बनर्जी कोलकाता सहित उत्तर और दक्षिण 24 परगना के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को पीएम मोदी से राज्य का दौरा करने की अपील की थी. सीएम ममता की अपील को स्वीकारते हुए पीएम मोदी बंगाल के दौरे पर जाएंगे और हालात का जायजा लेंगे.
2-घरेलू उड़ान के लिए तैयार देश, 7 सेक्शन में बंटे रूट, टिकट रेट की लिमिट फिक्स
करीब दो महीने तक लॉकडाउन में रहने के बाद अब देश सामान्य होने की ओर कदम बढ़ा रहा है. इसी कड़ी में 25 मई से घरेलू विमान सेवा शुरू होने जा रही है. इस दौरान कई तरह के नियम और शर्तें लागू होंगी, जिनका पालन करना होगा. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने इसको लेकर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की. सरकार की तरफ से टिकटों के दाम की अधिकतम सीमा तय कर दी गई, जिसका पालन सभी एयरलाइंस को करना होगा.
3-भारत की दो टूक- LAC पर चीन की आपत्ति गलत, हमें अपनी जिम्मेदारी मालूम
भारत और चीन के बीच एक बार फिर शुरू हुए सीमा विवाद पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि LAC पर चीन की आपत्ति गलत है. भारतीय सैनिक भारत और चीन के बीच निर्धारित लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) की सीमा से परिचित हैं और इसका पालन करते हैं. हमें अपनी जिम्मेदारी मालूम है.
4-RBI के डायरेक्टर ने सरकार के राहत पैकेज पर उठाए सवाल, इस मामले में बताया विफल
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक डायरेक्टर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे सतीश काशीनाथ मराठे ने कोरोना से निपटने के लिए मोदी सरकार के राहत पैकेज पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि तीन महीने का मोरेटोरियम काफी नहीं है और एनपीए में नरमी को राहत पैकेज का हिस्सा होना चाहिए था.
5-दिल्ली में कोरोना के मामलों में सबसे बड़ा उछाल, 24 घंटे में 571 नए केस आए सामने
देश की राजधानी दिल्ली में लगातार तीसरे दिन 500 से अधिक कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं. दिल्ली में 20 मई रात 12 बजे तक 571 नए केस सामने आए. ये अब तक का सबसे बड़ा उछाल है. एक दिन में कोरोना के मामलों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है. 571 नए मामलों के साथ राजधानी में मरीजों की संख्या 11 हजार 659 हो गई है.


