भोपाल, ब्यूरो। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार आज दिनभर कांग्रेस के उस आरोप पर पलटवार करती दिखी, जो दो दिन पहले कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने लगाए थे। पटवारी ने कहा था कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने 90 बार सरकारी पैसे से नाश्ता खाना खाया। मय दस्तावेज मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उन कागजों को झूठा करार दिया। मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी को विधानसभा में कागज लहराते हुए सरकार पर निशाना साधना भारी पड़ सकता है, दरअसल जीतू के आरोप की संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने हवा निकाल दी है। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर न सिर्फ डॉ मिश्रा ने जीतू पर साक्ष्य के साथ पलटवार किया, बल्कि उनके खिलाफ प्रश्न संदर्भ समिति में शिकायत करने और उन पर कार्रवाई की मांग की बात कही।
जीतू पटवारी ने सदन में झूठ बोला : नरोत्तम
संसदीय कार्य मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के उस आरोप पर पलटवार किया है जिसमें पटवारी ने बीजेपी ऑफिस में कार्यकर्ताओं को सरकारी खर्च पर 90 बार नाश्ता और भोजन कराने का आरोप लगाया था। नरोत्तम मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा जीतू पटवारी पर विधानसभा में गलत जानकारी दी, नरोत्तम ने कहा- ”पटवारी ने परिशिष्ट-अ में लिखी बीजेपी कार्यालय में भोजन और नाश्ते की जानकारी तो बताई लेकिन उसका भुगतान भाजपा द्वारा किया गया यह तथ्य जीतू पटवारी ने छुपा लिया।” नरोत्तम ने आगे कहा- ”जब जीतू पटवारी मंत्री थे तब का प्रश्न है। उन्होंने अपनी सरकार से भाजपा को बदनाम करने के लिए ये उत्तर उस समय दिलवाया, क्योंकि 131 करोड़ का घोटाला जनसंपर्क में कमलनाथ की सरकार में हुआ था। उस मुद्दे से भटकाने के लिए ये प्रयास किया गया था। ये उनकी सरकार का सवाल था और उनकी सरकार के जवाब के होते हुए इस सवाल में बीजेपी कहीं नहीं थी।”
जीतू पटवारी ने कौन से आरोप लगाए थे
जीतू पटवारी ने विधानसभा में कहा था- ”मैं सदन के पटल पर यह जानकारी रखना चाहता हूं कि आपके जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी कार्यालय में 90 बार कार्यकर्ताओं को भोजन कराया गया। इसमें बीजेपी कार्यालय लिखा हुआ है और अधिकारियों का साइन किया हुआ है। यदि ये नकली हो तो मेरी सदस्यता निरस्त की जाए। यदि ये सही हो तो उन अधिकारियों को सस्पेंड किया जाए जिन्होंने ये दिया है। मुझे पता था ये आएगा, आप कहो तो सदन के पटल पर रख सकता हूं। मीडिया को भी दे सकता हूं।”
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिया था जवाब
जीतू पटवारी के सवाल पर सीएम शिवराज ने तुरंत जवाब देते हुए कहा था- ”धन्य हो महाप्रभु, मैं पूरी जिम्मेदारी से कहता हूं कि बीजेपी कार्यालय में सरकार का एक नया पैसा कार्यकर्ताओं के भोजन में नहीं लगाया गया। अंधेरे में लट़्ठ मारते रहते हो मेरे मित्र।”


