रिलायंस कंपनी के कार्यकारी निदेशक को बागेश्वर महाराज ने दी शुभकामनाएं, दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामनाछतरपुर। देश के प्रतिष्ठित उद्योग समूह रिलायंस कंपनी के पूर्णकालिक कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी के जन्मदिन के पावन अवसर पर बागेश्वर धाम में भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्री अंबानी के जन्मदिन के अवसर पर बागेश्वर सरकार ने वीडियो संदेश जारी कर शुभकामनाएँ देते हुए उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर बागेश्वर बालाजी के श्री चरणों में विशेष भोग-प्रसाद अर्पित किया गया। पूरे दिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करते हुए श्री अंबानी के दीर्घायु की कामना की गई। बागेश्वर धाम के सेवादार ऋषि शुक्ला ने बताया कि अनंत अंबानी जी के जन्मदिन पर बागेश्वर धाम पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए। ऋषि ने बताया कि पूज्य बागेश्वर सरकार और अनंत अंबानी जी के बीच मधुर एवं आत्मीय संबंध हैं। पूज्य सरकार अनंत जी को बागेश्वर परिवार का सदस्य मानते हैं।
इसी भाव के साथ पूरे धाम में धार्मिक अनुष्ठान, गौ पूजन, कन्या पूजन और ब्राह्मण भोजन जैसे विभिन्न कार्यक्रम रखे गए। उन्होंने बताया कि बनारस से पधारे आचार्यों द्वारा विधि-विधान व वैदिक मंत्रों से अनुष्ठान कराया गया।सुंदरकांड पाठ और 151 हनुमान चालीसा पाठ के अलावा गौ पूजन एवं कन्या पूजन बड़े श्रद्धा भाव से किया गया। अन्नपूर्णा में विशेष प्रसादी भोज की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया।


