जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने हैदराबाद में हुए दुष्कर्म की घटना पर बयान देते हुए कहा कि, हमारे देश की शिक्षा में नारी का सम्मान नहीं सिखाया जा रहा है। आज स्कूल और कॉलेजों में नारी के सम्मान की बातें नही बताई जाती। रामायण महाभारत की कथाएं नही सुनाई जाती, हम बच्ची को कन्या, महिला को दुर्गा और बुजुर्ग को माँ का दर्जा देते हैंं। स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती आगे कहा कि लोगों में अपराध बोध नहीं बचा है, वर्तमान की शिक्षा प्रणाली में संस्कार का भाव नहीं है, हिंदू धर्म में पहले नारी का सम्मान करना सिखाया जाता था लेकिन अब आधुनिक शिक्षा आ गई है, इसलिए मन में लोगों के अपराध का बोध नहीं है। यदि ईश्वर के प्रति संस्कार आपके मन में नहीं होंगे और आपको ईश्वर का डर नहीं होगा, तो आप अपराध करते जाएंगे। उन्होने कहा कि जब आप अपराध करेंगे तो उसे छुपाने दूसरा अपराध करेंगे और जो यह हत्या हुई है यह उसका ही परिणाम है जो बेहद निंदनीय है और कुछ लोग हिंदू समाज को बदनाम कर रहे हैं जबकि हिंदू समाज की संस्कृति सभ्यता को सारा विश्व अपना रहा है।
हैदराबाद की घटना पर शंकराचार्य ने कहा, आधुनिक शिक्षा प्रणाली में संस्कार का भाव नहीं..इसलिए होती हैं ऐसी घटनाएं
पाकिस्तान को झटका, चोट के कारण हसन अली टेस्ट सीरीज से बाहर
कराची। Pakistan vs Sri Lanka: पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले झटका लगा जब उसके तेज गेंदबाज हसन अली चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए। हसन के पसलियों में फ्रैक्चर हुआ है और इसके चलते वे दो टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।
हसन को पसलियों में दर्द हो रहा था इसके चलते वे सेंट्रल पंजाब की तरफ से कायदे आजम ट्रॉफी में खैबर पख्तूनख्वा के खिलाफ नौवें दौर के मुकाबले में खेलने के लिए नहीं उतरे। इसके बाद हसन का स्कैन करवाया गया जिसमें यह उजागर हुआ कि उनकी पसलियों में फ्रैक्चर है और वे इसके चलते श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। वे अब नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैबिलिटेशन प्रोसेस शुरू करेंगे।
10 साल बाद पाकिस्तान में होने जा रही टेस्ट सीरीज :
2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पहली बार टेस्ट सीरीज की मेजबानी कर रहा है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच रावलपिंडी में 11 दिसंबर से और दूसरा टेस्ट मैच कराची में 19 दिसंबर से होगा।
पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन :
पाकिस्तान का ऑस्ट्रेलिया में दो टेस्ट मैचों की सीरीज में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। ब्रिस्बेन में उसे पहले टेस्ट मैच में पारी और 5 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। एडिलेड में चल रहे डे-नाइट टेस्ट मैच में भी पाक टीम संघर्ष कर रही हैं। ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर के तिहरे शतक (335 नाबाद) की मदद से पहली पारी 3 विकेट पर 589 रन बनाकर घोषित की। इसके जवाब में पाकिस्तान ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 96 रनों पर 6 विकेट गंवा दिए थे।
BCCI AGM का फैसला, 2024 तक अध्यक्ष बने रह सकते हैं सौरव गांगुली
BCCI AGM: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की रविवार को संपन्न हुई 88वीं वार्षिक साधारण सभा (AGM) में पदाधिकारियों के कार्यकाल संबंधी प्रशासनिक सुधारों में ढिलाई देने का फैसला किया गया। इसके चलते बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का कार्यकाल आगे बढ़ाया जा सकता है। बोर्ड अब इस फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की अनुमति लेगा।
सौरव गांगुली अभी बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में सिर्फ 9 महीने तक ही पद पर रह सकते हैं। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजीएम में सभी प्रस्तावित संशोधनों को स्वीकृति मिल गई है और अब इन्हें सुप्रीम कोर्ट के पास भेजा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्वीकृत मौजूदा संविधान के अनुसार, अगर कोई पदाधिकारी बीसीसीआई या राज्य संघ में तीन साल के दो कार्यकाल पूरा कर लेता है तो उसे तीन साल का अनिवार्य कूलिंग ऑफ पीरियड (ब्रेक) लेना होगा। बीसीसीआई ने यह फैसला किया कि यह कूलिंग ऑफ पीरियड बीसीसीआई और राज्य संघ में दो कार्यकाल अलग-अलग पूरे करने पर हो। सुप्रीम कोर्ट से यदि बीसीसीआई के फैसलों पर मोहर लग गई तो सौरव गांगुली साल 2024 तक बीसीसीआई अध्यक्ष रह पाएंगे।
सौरव गांगुली ने 23 अक्टूबर को अध्यक्ष पद संभाला था और उन्हें 9 महीने बाद पद से हटना पड़ता लेकिन इस प्रशासनिक सुधारों में ढ़िलाई के फैसले की वजह से अब 2024 तक अपने पद पर बने रह सकेंगे। बीसीसीआई चाहता है कि कूलिंग ऑफ पीरियड उसी समय लागू हो जब पदाधिकारी बोर्ड या राज्य एसोसिएशन में दो कार्यकाल (6 साल) अलग से खत्म कर ले। इस संशोधन की वजह से बीसीसीआई सचिव जय शाह को भी लाभ मिलेगा अन्यथा उनका भी एक साल से कम समय बचा था।
प्रदूषण दूर रखने के साथ घर की खूबसूरती भी बढाएंगे ये 5 जादुई पौधे
देशभर में हर साल 2 दिसंबर को राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस मनाया जाता है। यह दिन उन लोगों की याद और सम्मान में मनाया जाता है जिन्होंने भोपाल गैस त्रासदी में अपनी जान गंवा दी थी। आज पूरा देश प्रदूषण के बढ़ते असर को कम करने के लिए कोई ठोस उपाय ढूंढ रहा है। ऐसे में प्रदूषण के असर को कम करने के लिए वैज्ञानिकों ने लोगों को अपने घर में कुछ खास तरह के पौधे लगाने की सलाह दी है। आइए आज इस मौके पर जानते हैं आखिर कौन से हैं वो पौधे जिन्हें घर पर लगाने से न सिर्फ आपके घर की खूबसूरती बढ़ेगी बल्कि आप प्रदूषण के असर से भी बचे रहेंगे।
बैम्बू पॉम – वैज्ञानिकों की मानें तो यह पौधा घर में फॉर्मेल्डिहाईड जैसी जहरीली गैस को सोख लेता है। इसके साथ ही यह पौधा प्राकृतिक रूप से नमी के अवशोषक के रूप में भी कार्य करता है। जो कि घरों में मौजूद नमी को दूर करता है।
स्नेक प्लांट – यह पौधा घर के अंदर मौजूद जहरीली गैसों नाइट्रोजन ऑक्साइड और फॉर्मेल्डिहाईड को सोखता है।
अरेका पॉम – यह पौधा वायु को शुद्ध करने वाला सर्वोत्तम पौधों की श्रेणी में आता है। इसको घर के अंदर व आसपास लगाने से कमरों के अंदर की वायु शुद्ध होती रहती है।
स्पाइडर पॉम – यह पौधा वायु में मौजूद कार्बन मोनोऑक्साइड और अन्य विषाक्त पदार्थों या अशुद्धियों को दूर करता है। घरों के अंदर की आबोहवा को शुद्ध रखने में अग्रणी पौधा है। यहीं नहीं यह पौधा हवा से फॉर्मेल्डिहाइड जैसी जहरीली गैस को हटाने में सबसे उपयुक्त है।
पीस लिली – हरे रंग की पत्तियों वाले पीस लिली पौधे को को ‘क्लीन-ऑल भी कहा जा सकता है। इसमें सफेद फूल भी खिलते हैं। इन्हें अक्सर बाथरूम या कपड़े धोने के कमरे(लॉन्ड्री रूम) में रखा जाता है। यह पौधा फॉर्मेल्डिहाइड व ट्राईकोरोथिलीन जैसी जहरीली गैसों को हटाने के लिए जाना जाता है।
धर्मेंद्र के फार्महाउस में उगे नए फल, वीडियो शेयर कर दिया ये प्यारा मैसेज
बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र भले ही फिल्मों से दूर हैं, लेकिन वो सोशल मीडिया के जरिए फैन्स के साथ अपनी फोटोज और वीडियोज शेयर करते रहते हैं। अब उन्होंने अपना एक नया वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में धर्मेंद्र अपने नए फल उगने से काफी खुश नजर आ रहे हैं। वीडियो में धर्मेंद्र की एक्साइटमेंट उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही है। वीडियो को शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने लिखा, ‘किसान के, हीरे-जवाहरात, खुशी की, इन्तिहा महसूस कीजिए। रूह सरशर हो जाएगी आपकी। आप सभी को प्यार’।
धर्मेंद्र के इस वीडियो को फैन्स बहुत पसंद कर रहे हैं। इसके साथ ही फैन्स कमेंट्स में उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘यमला पगला दिवाना फिर से’ थी और इस फिल्म में उनके साथ सनी और बॉबी देओल भी थे। सनी देओल के बेटे करण देओल को बॉलीवुड में लॉन्च करने के लिए धर्मेंद्र ने ‘पल पल दिल के पास’ नाम की फिल्म भी प्रोड्यूस की जिसे दर्शकों का मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला। वैसे धर्मेंद्र इंस्टाग्राम पर खूब एक्टिव रहते हैं और वो फैन्स के लिए अपने फार्म हाउस से कई वीडियोज शेयर करते हैं जिसमें वो खेती करते हुए नजर आते हैं। वो अपने फार्महाउस की सबजियों के बारे में भी जानकारी देते रहते हैं।
बीजेपी नेता पंकजा मुंडे ने बुलाई समर्थकों की बैठक, कहा- जल्द लूंगी बड़ा फैसला
महाराष्ट्र बीजेपी नेता पंकजा मुंडे ने अगले महीने पार्टी समर्थकों की बैठक बुलाकर फेसबुक पोस्ट के जरिए शक्ति प्रदर्शन के संकेत दिए हैं। पंकजा ने अपने पिता गोपीनाथ मुंडे की बरसी पर 12 दिसंबर को समर्थकों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि वे आनेवाले आठ या दस दिन में बड़ा फैसला लेंगी।पंकजा ने फेसबुक में मराठी में पोस्ट करते हुए लिखा है- चुनाव में हार के बाद समर्थकों के कई फोन-मैसेज आए और मिलने का आग्रह किया गया लेकिन राजनीतिक स्थिति ऐसी रही कि समर्थकों से मिलना नहीं हो सका।
सरकार गठन में योग्यता पर भारी पड़ा राजनीतिक गुणागणित:देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने के बावजूद सत्ता में नहीं आ सकी क्योंकि ”राजनीतिक गुणागणित योग्यता पर भारी पड़ा। चुनाव से पहले फडणवीस द्वारा दिए गए नारे ”मैं वापस लौटूंगा पर तंज कसने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि उन्होंने ऐसा कहा, लेकिन इसके लिए समय देना भूल गए थे।
उन्होंने कहा, ”…आपको कुछ समय इंतजार करना होगा। फडणवीस राज्य विधानसभा में उनके विपक्ष का नेता बनने पर उन्हें बधाई देने के लिए प्रस्ताव लाये जाने के बाद बोल रहे थे। प्रस्ताव मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा पेश किया गया जिसका राकांपा के जयंत पाटिल और कांग्रेस के विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट सहित अन्य दल के सदस्यों ने समर्थन किया।
फडणवीस ने कहा, ”भाजपा को जनादेश मिला क्योंकि हमारी पार्टी अकेली सबसे बड़ी पार्टी है। 21 अक्टूबर के विधानसभा चुनाव में हमारा स्ट्राइक रेट 70 प्रतिशत का रहा लेकिन राजनीतिक गुणागणित योग्यता पर भारी पड़ा। जिन्हें चुनावों में 40 प्रतिशत अंक मिले उन्होंने सरकार बना ली।
उन्होंने कहा, ”हम इसे लोकतंत्र के हिस्सा के तौर पर स्वीकार कर रहे हैं। सदन में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित कई नेताओं ने चुनाव से पहले फडणवीस द्वारा दिए गए नारे ”मैं वापस आऊंगा को लेकर उन पर कटाक्ष किया। इसके जवाब में फडणवीस ने कहा, ”मैंने यह कहा था कि ‘मैं वापस आऊंगा लेकिन मैं इसके लिए आपको समय देना भूल गया। यद्यपि मैं आपको एक चीज का भरोसा दे सकता हूं कि आपको कुछ समय इंतजार करने की जरूरत है।
यासिर शाह के शानदार शतक के बावजूद पाक पर पारी की हार का खतरा
आठवें नंबर के बल्लेबाज यासिर शाह (113) के संघर्षपूर्ण शतकीय पारी के बावजूद पाकिस्तान की टीम यहां एडिलेड ओवल मैदान पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को लगातार दूसरी बार पारी की हार के कगार पर पहुंच गई है। आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी तीन विकेट पर 589 रन बनाकर घोषित कर दी थी। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम यासिर के शतक के बावजूद अपनी पहली पारी में 302 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे मेजबान टीम के खिलाफ फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
फॉलोऑन खेलते हुए भी पाकिस्तान की हालत बेहद खराब है और मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी में 39 रन तक तीन विकेट गंवा दिए हैं। पाकिस्तान अभी आस्ट्रेलिया के स्कोर से 248 रन पीछे है जबकि उसके सात विकेट शेष है। स्टंप्स के समय शान मसूद 55 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 और असद शफीक 17 गेंदों पर एक चौके के सहारे आठ रन बनाकर नाबाद लौटे। इमाम उल हक ने खाता खोले बिना आउट हुए जबकि कप्तान अजहर अली ने नौ और बाबर आजम ने आठ रनों का योगदान दिया।
ऑस्टेलिया की ओर से जोश हेजलवुड को दो और मिशेल स्टार्क को अब तक एक सफलता मिली है। इससे पहले, पाकिस्तान ने अपने कल के स्कोर छह विकेट पर 96 रन से आगे खेलना शुरू किया। पाकिस्तानी बल्लेबाजी की धुरी बाबर आजम ने 43 और यासिर शाह चार रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 105 रन की शतकीय साझेदारी करके पाकिस्तान को कुछ राहत दी। आजम के आउट होने के बाद यासिर ने मोहम्मद अब्बास (29) के साथ नौवें विकेट के लिए 87 रन जोड़कर पाकिस्तान को 300 के करीब पहुंचाया। यासिर ने अपने करियर का पहला शतक लगाया। इस दौरान उन्होंने 213 गेंदों का सामना किया और 13 चौके लगाए। आस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क ने छह विकेट लिए। उनके अलावा पैट कमिंस को तीन और जोश हेजलवुड को एक विकेट मिला।
मां-बेटे की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदली
Ambikapur Road Accident :अंबिकापुर- रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर राजपुर के नवकी मोड़ के पास स्कॉर्पियो वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने और दुकान के शटर से जाकर टकरा जाने से वाहन में सवार मां- बेटे की मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए हैं। स्कार्पियो सवार लोग रिश्तेदार की शादी से राजपुर से वापस ग्राम बघिमा लौट रहे थे। उसी वक्त यह हादसा हो गया ।घटना से विवाह की खुशियां मातम में बदल गई ।घायलों को अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज व मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के मुताबिक ग्राम बघिमा की युवती का विवाह शनिवार को राजपुर के अग्रसेन भवन में आयोजित था। विवाह समारोह में सगे संबंधी शामिल होने आए हुए थे।
ग्राम बघिमा से भी परिचित व रिश्तेदार विवाह समारोह में शामिल होने के लिए राजपुर के अग्रसेन भवन गए हुए थे। हंसी खुशी विवाह की सारी रस्म पूरी होने के बाद रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम बघिमा तथा बिहार से आए रिश्तेदार स्कॉर्पियो क्रमांक बीआर 21 पी 4121 से वापस राजपुर से बघिमा लौट रहे थे ।
छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी
छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी शुरू होने जा रही है.प्रदेश की 2048 केन्द्रों में 1815 और 1835 रुपए की दर पर धान खरीदी 15 फरवरी तक की जाएगी.इसके लिए प्रदेश में 54 नए खरीदी केंद्र बनाए गए हैं.सरकार ने इस साल 85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है.जिसके लिए 4 लाख 25 हजार बारदानों की व्यवस्था की गई है.जिसमें 2 लाख 70 हजार नए और वाकी पुराने बारदानों का उपयोग किया जाएगा.धान खरीदी केंद्रों पर सरकार ने विशेष इंतजाम भी किए हैं.जहां कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर के अलावा मॉयश्चर मशीन भी उपलब्ध कराई गई है.साथ ही किसानों को परेशानी से बचाने के लिए सभी केन्द्रों में एक टाेल फ्री नंबर भी जारी किया गया है.वहीं बड़े किसानों के लिए अधिकतम पांच बार धान बेचने की परमिशन दी गई है.बता दें इस साल प्रदेश के 19 लाख 56 हजार किसानों ने धान बेचने के लिए अपना पंजीयन कराया है.जो कि पिछले साल की तुलना में दो लाख 58 हजार ज्यादा है.

