पन्ना जिले के थाना सलेहा पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के गंभीर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुजरात के भरूच जिले से 20 वर्षीय नवविवाहिता को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों तक पहुंचाने की कार्रवाई की है।घटना का विवरण के अनुसार दिनांक 21 सितंबर 2026 को थाना सलेहा क्षेत्र के ग्राम सर्रा निवासी 20 वर्षीय नवविवाहिता के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने बताया कि महिला अपनी मां के साथ कल्दा बाजार गई थी। बाजार में कुछ खाने की बात कहकर वह अलग हुई और वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद थाना सलेहा में अपराध क्रमांक 278/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना सलेहा पुलिस ने विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, नक्शा मौका और गवाहों के कथन दर्ज किए गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने महिला को मीनानगर, अंकलेश्वर, जिला भरूच, गुजरात से दस्तयाब किया। इसके बाद महिला को महिला थाना पन्ना भेजकर उसके कथन दर्ज कराए गए।महिला ने कथन में आरोप लगाया कि उसे कल्दा बाजार से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर सतना रेलवे स्टेशन और वहां से ट्रेन से गुजरात ले जाया गया, जहां एक कमरे में रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। कथनों के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 64(2)(एम), 124(4) और 3(5) बीएनएस का इजाफा किया गया और जिला अस्पताल पन्ना में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। तीनों आरोपियों को 19 अक्टूबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले की विवेचना जारी है।


