CM शिवराज बोले-आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश तैयार
इंदौर: ‘एमपी अजब है, गजब है और सजग भी है’ ये कहना है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का। इंदौर में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के शुभारंभ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सभी विकसित भारत के लिए निर्माण के लिए जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा- विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। समिट को केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी संबोधित किया। उन्होंने मध्यप्रदेश को उभरता हुआ हीरा बताया। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि मध्यप्रदेश देश की अर्थव्यवस्था को गति देगा।

समिट को वर्चुअली पीएम मोदी ने किया संबोधित
पीएम मोदी ने कहा- ‘ये समिट तब हो रही है जब भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है। हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण के लिए जुटे हुए हैं। जब हम विकसित भारत की बात करते हैं तो ये हमारा सिर्फ एस्पीरेशन नहीं बल्कि हर भारतीय का संकल्प है। भारत विश्व के कई देशों से बहुत अच्छी स्थिति में है। भारत इस साल जी-20 ग्रुप में भी बढ़ती हुई इकॉनोमी वाला देश है। एक ताजा सर्वे में बताया गया कि विश्व के ज्यादातर इनवेस्टर्स भारत को पसंद कर रहे हैं। भारत इज ऑफ लिविंग एंड इज ऑफ बिजनेस पर काम कर रहा है।‘ पीएम मोदी ने कहा- ‘एक निर्णायक सरकार, सही नीयत से चलने वाली सरकार विकास को गति देकर दिखाती है। विकास के लिए सभी फैसले उतनी ही तेजी से लिए जाते हैं। आपने भी देखा है हमने बीते 8 वर्षों में रिफॉर्म की स्पीड को बढ़ाया है। विश्व बैंक ने कहा है कि भारत वैश्विक हालात से निपटने में दुनिया के किसी दूसरे देश से बहतर हालात में है।‘
इन्वेस्टर्स समिट के शुभारंभ कार्यक्रम में सीएम शिवराज का उद्बोधन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समिट के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नये भारत का उदय हो रहा है। वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए मुझे आप सभी के साथ आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाना है। इसके लिए हमने रोडमैप बना लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि- ‘’मैं आज विश्वास के साथ कह रहा हूँ की भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन भारत ही कराएगा।‘’
65 देशों के प्रतिनिधि ले रहे हैं भाग
इंदौर में हो रही इस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 65 से अधिक देशों के प्रतिनिधि-मंडल भाग ले रहे हैं। इसमें 20 से अधिक देशों के राजदूत, उच्चायुक्त, वाणिज्य दूतावास और राजनयिक भी शामिल हो रहे हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्राष्ट्रीय मंडप में 9 भागीदार देश और 14 अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संगठन अपने देशों के विभिन्न पहलुओं का प्रदर्शन करेंगे। समिट से राज्य के निर्यातकों को संभावित विदेशी खरीददार से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
देश दिग्गज उद्योगपति इंदौर पहुंचे
इंदौर में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में कुमार मंगलम बिड़ला, नोएल टाटा, नादिर गोदरेज, पुनीत डालमिया और अजय पीरामल सहित भारत के 500 से अधिक प्रमुख उद्योगपति शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में फार्मा, आईटी, ऑटोमोबाइल, कपड़ा, वस्त्र, रसायन, सीमेंट, खाद्य प्र-संस्करण, रसद, पेट्रोकेमिकल, पर्यटन, नवकरणीय ऊर्जा, सेवाओं आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्योगपतियों की भागीदारी होगी।


