प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 4 बजे देश को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी का यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून को 20 भारतीय जवानों के शहीद होने के बाद भारत और चीन के बीच तनाव चरम पर है. साथ ही यह संबोधन ऐसे समय भी हो रहा है जब देश कोविड-19 महामारी के रोज बढ़ते मामलों के बीच लॉकडाउन में ढील के ‘अनलॉक-2’ में प्रवेश करने जा रहा है जिसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार रात दिशा-निर्देश जारी किए.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार रात ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल (मंगलवार) शाम चार बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे.’ देश में कोविड-19 के प्रकोप के बीच प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम यह छठा संबोधन होगा. इससे पहले अलग-अलग मौकों पर पीएम मोदी 5 बार कोरोना काल में देश की जनता को संबोधित कर चुके हैं.
कोरोना काल में 5 बार मोदी का संबोधन
> 19 मार्च- जनता कर्फ्यू का ऐलान
> 24 मार्च- 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान
> 03 अप्रैल- दीप जलाने की अपील
> 14 अप्रैल- लॉकडाउन-2 की घोषणा
> 12 मई – लॉकडाउन 4 का ऐलान
पीएम मोदी के इस संबोधन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी एक ट्वीट किया. उन्होंने अपने ट्वीट में जनता से 4 बजे पीएम मोदी का संबोधन सुनने की अपील की है. अमित शाह ने लिखा, ‘महत्वपूर्ण, मैं सभी अपील करता हूं कि आप सभी शाम 4 बजे पीएम मोदी के संबोधन को जरूर सुनें.’
IMPORTANT!
I appeal everyone to tune in to Prime Minister Shri @narendramodi ji‘s address to the Nation at 4 PM today. pic.twitter.com/Bvet4iIE1D
— Amit Shah (@AmitShah) June 30, 2020
PM मोदी का देश के नाम संबोधन, जानें कैसे और कहां देखें लाइव
चीन से सीमा पर चल रहे तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी के इस संबोधन को लेकर लोगों में और उत्सुकता है. ऐसे में सवाल है कि प्रधानमंत्री देश के नाम संबोधन देंगे तो किस मुद्दे पर बोलेंगे. उनकी प्राथमिकता क्या होगी. एलएसी पर लगातार गुस्ताखी कर रहे चीन को रास्ते पर लाने के लिए मोदी कोई प्लान पेश करेंगे.
ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि पीएम के संबोधन से एक दिन पहले ही भारत सरकार ने बहुत बड़ा फैसला किया है. भारत ने चीन के 59 ऐप्स पर बैन लगा दिया है.
आज के संबोधन में क्या प्रधानमंत्री मोदी चीनी कंपनियों के टेंडर पर भी कुछ बोल सकते हैं. क्योंकि 15 जून को एलएसी पर हिंसक झड़प में भारत के जवानों की शहादत के बाद कई चीनी कंपनियों के टेंडर रद्द करने का फैसला किया गया है.
वहीं, 1 जुलाई से देश में अनलॉक -2 लागू हो रहा है. ऐसे में कई लोग ये भी सोच रहे हैं कि क्या पीएम मोदी इस बारे में कुछ बोलेंगे. क्या कुछ नया ऐलान कर सकते हैं. मोदी ने पिछली बार देश को 12 मई को संबोधित किया था जब उन्होंने अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेज की घोषणा की थी.

