Prime Minister Is Trying To Destroy Democracy Said Arvind Kejriwal | लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं पीएम मोदी: अरविंद केजरीवाल



दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह संविधान की धज्जियां उड़ाने और लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं.

केजरीवाल ने कहा कि मोदी को भारत और फ्रांस के बीच राफेल सौदे से जुड़े समझौते पर सच बोलना चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री के तौर पर वह देश के प्रति जवाबदेह हैं. उन्होंने राफेल मुद्दे पर टिप्पणी ऐसे समय की जब बृहस्पतिवार को इस समझौते पर कैग की रिपोर्ट संसद में पेश की गई.

केजरीवाल ने दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित विपक्षी दलों की रैली में कहा, ‘मोदी संविधान की धज्जियां उड़ाने का प्रयास कर रहे हैं. वह लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं.’

चिटफंड मामलों में जांच के संबंध में कोलकाता पुलिस आयुक्त के आवास पर सीबीआई के कई अधिकारियों के जाने पर पैदा विवाद के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली से ‘सीबीआई के 40 अधिकारियों’ को भेजना पश्चिम बंगाल की निर्वाचित सरकार पर हमला है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने बीते चार साल में भ्रष्टाचार रोधी शाखा पर ‘कब्जा’ कर लिया है.

केजरीवाल ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, ‘दिल्ली और कोलकाता पर कब्जा करने का सपना कौन देखता है? पाकिस्तान का प्रधानमंत्री.’

इस रैली को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, एनसीपी के शरद पवार और सीपीएम के सीताराम येचुरी ने भी संबोधित किया.




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here