Protecting The Protectors campaign for Keeping Haryana Women Coronavirus Warriors Safe

हरियाणा में कोरोना वॉरियर्स के लिए ‘रक्षक की रक्षा’ कैंपेन चलाया जा रहा है.

खास बातें

  • कोरोना वॉरियर्स के लिए ‘रक्षक की रक्षा’ कैंपेन
  • हरियाणा की महिला कार्यकर्ताओं के लिए अभियान
  • 10 हजार से ज्यादा बांटी जा चुकी हैं सेफ्टी किट

हिसार:

कोरोनावायरस (Coronavirus) के खिलाफ लड़ाई में कई महिला कार्यकर्ता सबसे आगे हैं. उनमें से अधिकांश बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ASHA), आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और साफ-सफाईकर्मी हैं. इनमें से ज्यादातर महिलाएं ग्रामीण क्षेत्रों से हैं. यह महिलाएं सरकार के साथ लगातार काम कर रही हैं. लोगों में जागरुकता पैदा करने के लिए वह घर-घर जा रही हैं. कोरोना के खिलाफ जंग में सबसे आगे होने की वजह से यह महिलाएं खतरे की चपेट में भी सबसे अधिक हैं.

यह भी पढ़ें

हरियाणा के हिसार में शिवांग तयाल इन कोरोना वॉरियर्स के बचाव को आगे आए हैं. उनकी इस मुहिम का नाम ‘रक्षक की रक्षा’ है. इस मुहिम के तहत इन महिला कोरोना वॉरियर्स को जरूरी बचाव संबंधी चीजें दी जा रही हैं ताकि वह कोरोना से सुरक्षित रह सकें.

अभियान के सह-संस्थापक शिवांग तयाल कहते हैं, ‘इस कैंपेन का मकसद है कि फ्रंटलाइन वर्कर्स की कोरोना से बचाव में मदद की जा सके. ये कार्यकर्ता पूरे हरियाणा में 900 से अधिक शहरों और गांवों की रक्षा करने के लिए काम कर रही हैं. कई कार्यकर्ताओं के संक्रमण की चपेट में आने की खबरें भी मिली हैं, इसलिए ये जरूरी है कि हम इनकी रक्षा करें.’

‘रक्षक की रक्षा’ कैंपेन मार्च में शुरू हुआ था. इस मुहिम के तहत हरियाणा और दिल्ली के स्वास्थ्यकर्मियों को अभी तक 10 हजार से ज्यादा सेफ्टी किट वितरित की जा चुकी हैं. हर किट में फेस शील्ड, चश्मा, सैनिटाइजर, ट्रिपल लेयर फेस मास्क, साबुन और ग्लव्स हैं. एक महिला कार्यकर्ता कहती हैं, ‘हमारी इस लड़ाई में ये किट बहुत जरूरी है. इस किट का इस्तेमाल करके हम दूसरों को बता सकते हैं कि वो इस खतरनाक वायरस से कैसे बचें.’

गौरतलब है कि कई राज्यों में कोरोना वॉरियर्स के पास प्रोटेक्टिव गियर्स की भी कमी देखने को मिली है. इसकी वजह से यह वॉरियर्स खुद संक्रमण के सबसे ज्यादा रिस्क में रहते हुए काम करने को मजबूर हैं. कोरोना वॉरियर्स की मेहनत और उनके जज्बे को देखते हुए कई संस्थाएं उन्हें सेफ्टी किट मुहैया करवा रही हैं.

VIDEO: NGO की मदद से 250 महिलाएं सिल रही हैं PPE किट


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here