उज्जैन में तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। बारिश के पानी में करंट फैलने से बाइक सवार 35 वर्षीय छोटू उर्फ आशिक पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो भतीजे समय रहते बाइक से कूदकर बच निकले।जानकारी के अनुसार, ग्राम बलोद निवासी आशिक पटेल रविवार रात अपने दो भतीजों के साथ बाजार से लौट रहे थे। हरिफाटक चौराहे के पास शिप्रा ढाबा के सामने सड़क पर भरे पानी में करंट फैल गया। दोनों भतीजे तो बाइक से उतरकर सुरक्षित निकल गए, लेकिन आशिक का पैर बाइक में फंस गया और वह करंट की चपेट में आ गए। करीब आधे घंटे तक करंट के कारण कोई उन्हें बचा नहीं सका।सूचना मिलने पर नीलगंगा थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति बंद कर युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मृतक के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।