- सब्जी बेचने वाली जगहों पर भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही पुलिस ने सोशल डिस्टेंस का पालन कराया
- पुलिस लगातार घूम-घूमकर पसरों के पास पहुंचकर लोगों को सोशल डिस्टेंस बनाकर रखने का कहती रही
दैनिक भास्कर
Apr 03, 2020, 06:42 PM IST
महासमुंद . 2 दिन बंद रहने के बाद गुरुवार को नगर में सब्जी बाजार खुला तो सब्जी खरीदने के लिए ग्राहकों को 5-5 मिनट का समय दिया गया। वहीं पुलिस की निगरानी में सब्जी की खरीदी बिक्री हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही पुलिस जवानों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी कराया। मंगलवार और बुधवार को नगर में सब्जी का व्यवसाय बंद रहा। गुरुवार को सब्जी बाजार खुला तो सब्जी खरीदने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ होने लगी। इसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए थे। बाजार में तैनात पुलिस के जवान लगातार घूम-घूमकर पसरों के पास पहुंचकर लोगों को सोशल डिस्टेंस बनाकर रखने और 5 मिनट के अंदर ही सब्जी खरीदने के लिए कहते रहे।
सब्जी बाजार में हुआ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन
पुलिस की मौजूदगी के कारण गुरुवार को सब्जी बाजार में जहां व्यवस्था दिखी, वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी हुआ। हालांकि लोगों द्वारा बार-बार इसकी अवहेलना भी की जा रही थी, लेकिन पुलिस उन्हें लगातार समझाइश दे रही थी। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने पर ही पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद सब्जी व्यवसायियों ने 2 दिन सब्जी बाजार बंद करने का निर्णय लिया था। लेकिन बाजार के सूत्रों के अनुसार जिस तरह से गुरुवार को अच्छी व्यवस्था रही, वैसी आगे रही तो दुकानें लगाई जाएंगी।
तय दरों पर बिकी सब्जी तो हर दुकान में ग्राहक
ग्राहक किसी एक स्थान पर सब्जी खरीदने के लिए भीड़ करने की बजाय उन पसरों को प्राथमिकता देते रहे, जहां ग्राहक नहीं थे या कम थे। प्रशासन द्वारा सब्जी की कीमतें निर्धारित किए जाने के बाद अब यह गुंजाइश नहीं रह गई है कि एक ही बाजार में लोग सब्जी अलग-अलग कीमत पर बेचें। एक जैसी कीमत होने के कारण ग्राहक किसी भी सब्जी पसरे में पहुंचकर सब्जी खरीद रहे थे। गुरुवार को टमाटर 20रुपए, भिंडी 30रुपए, बरबटी 30रुपए, बैगन 40रुपए तथा सेमी40रुपए प्रति किलो बिकी।
लॉकडाउन में घट गईं फुटकर सब्जी दुकानेें
शहर में कुल 15 जगह फुटकर सब्जी विक्रय के लिए चिह्नांकित की गई हैं। लॉकडाउन के बाद सब्जी की किल्लत और बढ़ती कीमतों के चलते सब्जी बेचने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई थी, लेकिन सब्जी की दरें प्रशासन द्वारा तय कर दिए जाने के बाद मनमानी दर पर सब्जी विक्रय पर अंकुश लगा है, इसके साथ ही फुटकर बाजारों में सब्जी पसरों की संख्या भी कम हो गई है। गुरुवार को सब्जी के पसरे कम दिखे। हालांकि रामनवमी का त्योहार व पूजा के कारण भी कई सब्जी बेचने वालों ने पसरे नहीं लगाए।
Source link


