- मस्जिद संचालक को नोटिस, पुलिस और प्रशासन ने सभी को पहुंचाया अस्पताल
- एसडीएम ने नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा, होगी कार्रवाई
दैनिक भास्कर
Apr 03, 2020, 04:34 PM IST
दंतेवाड़ा/ बचेली. वहाबी मस्जिद बचेली में तबलीगी जमात के 12 लोगों के छिपकर रहने की सूचना पर गुरुवार को दंतेवाड़ा से लेकर रायपुर तक हड़कंप मच गया। पुलिस व प्रशासन की टीम तुरंत मस्जिद पहुंची व इन सभी को बचेली के एनएमडीसी अपोलो अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया है। इन सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
इधर मस्जिद के संचालक को भी प्रशासन ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। लॉकडाउन के बाद से इस बात को 8 दिनों तक छिपाए रखने के लिए कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। यह सब कुछ तब हुआ जब तबलीगी जमात के 12 लोगों के मस्जिद में छिपे रहने की खबर फैलने लगी। 30 मार्च को ही इसकी जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए सबको मस्जिद में आइसोलेट कराया था। गुरुवार को रायपुर के अफसर भी दंतेवाड़ा की टीम से दिनभर सम्पर्क में रहे और पल-पल की अपडेट मांगते रहे। बचेली में इन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में रखने की बजाए अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भी रखने को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है।
एसडीएम ने कहा- सख्त कार्रवाई करेंगे
बचेली एसडीएम प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि जमात से संबंध रखने वाले 12 लोगों के मस्जिद में आकर रहने की सूचना 30 मार्च को मस्जिद संचालक की तरफ से दी गई थी। इन्हें लॉकडाउन के तुरंत बाद यह बताना चाहिए था। इतने दिनों तक बात छिपाकर क्यों रखी गई, नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई भी होगी। दिल्ली के सम्मेलन से इनका किसी तरह का संबंध नहीं होना बताया है।
जानिए ये कब और कैसे पहुंचे बचेली
बताया जा रहा है ओडिशा से विशाखापट्टनम- किरंदुल ट्रेन में सवार होकर 12 लोग 6 मार्च को किरंदुल पहुंचे थे। यहां से 19 मार्च को बचेली में आकर रहने लगे। 22 मार्च को लॉकडाउन हुआ। प्रशासन लगातार लोगों से अपील करता रहा कि दूसरे राज्यों के दौरे से दंतेवाड़ा आए लोगों की जानकारी न छिपायें और पुलिस व प्रशासन को सूचना दें। इसके बाद भी 8 दिनों तक मस्जिद संचालक ने यह बात छिपाए रखी। 30 मार्च को तहसील कार्यालय में आवेदन देकर जानकारी दी।
मरकज से लौटे चार लोग क्वॉरेंटाइन
सुकमा |निजामुद्दीन मरकज के तब्लीगी जमात में 4-7 मार्च में शामिल होकर 21 मार्च को सुकमा लौटे पटनमपारा के 54 वर्षीय पुरुष को क्वारेंटाइन किया गया है। उक्त व्यक्ति दिल्ली के बाद अमृतसर की जमात में भी गया था। पुलिस मंगलवार दोपहर उसके घर पहुंची और उसे कुम्हाररास स्थित सेंटर पहुंचाया। उसकी पत्नी, दो बेटों और एक बेटी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके अलावा जमाती कार्यक्रम में हिस्सा लेकर तीन अन्य पुरुषों को भी क्वॉरेंटाइन सेंटर भेजा गया है। बताया गया कि वे सभी देश के अलग-अलग जगहों को पर हुए जमाती कार्यक्रम में शिरकत कर लौटे थे। हालांकि शुरुआती स्वास्थ्य जांच में किसी भी व्यक्ति में कोरोना से संक्रमित होने के लक्षण नहीं मिले हैं। एहतियातन इनके सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए मेकॉज जगदलपुर भेजे गए हैं। इसके पहले 6 संदिग्धों के सैंपल भेजे गए थे, जिनमें से दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
Source link


