नई दिल्ली: रूस (Russia), भारत (India) की रक्षा उपकरणों की मांग को 2-3 महीनों में पूरा करेगा. वह नई दिल्ली से सौंपे जाने वाली एक अधिकारिक सूची की भी प्रतीक्षा कर रहा है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रूस यात्रा (Defence Minister Rajnath Singh’s Russia visit) के दौरान भारत ने रक्षा उपकरणों की सप्लाई करने का आग्रह किया, इसमें ज्यादातर चीजें सशस्त्र बलों की दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी हैं.
भारत की इस मांग को लेकर रूस का रवैया सकारात्मक था और उसने शीघ्र ही ये उपकरण सप्लाई करने का आश्वासन दिया. रूसी सरकार के सूत्रों ने कहा, “हमें जल्दी ही इसकी सूची मिलेगी और हम जल्द से जल्द इनकी सप्लाई करने की पूरी कोशिश करेंगे. शायद 2-3 महीने के अंदर हम यह सप्लाई कर देंगे.”
ये भी पढ़ें: इंग्लैंड के इस फुटबॉल स्टेडियम में दिखा ‘ओसामा बिन लादेन,’ आयोजकों ने सुधारी गलती
हालांकि भारत की ओर से यह आग्रह दैनिक आवश्यकता के रक्षा उपकरणों के लिए है. सूत्रों ने कहा कि भारत की ओर से S400 या SU 30 की जल्दी डिलीवरी के लिए कोई तत्काल अनुरोध नहीं किया गया है. फिर भी रूसी पक्ष जल्द “डिलीवरी” कर सकता है. सूत्र ने आगे बताया कि उस तरह की “परिष्कृत प्रणाली” के लिए हम इसे जितनी जल्दी हो सके बना रहे हैं, क्योंकि भारत के रक्षा मंत्रालय ने हमें फिर से जल्दी सप्लाई करने का अनुरोध किया है.
यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रूसी डिप्टी पीएम यूरी बोरिसोव (Russian deputy PM Yury Borisov) से मुलाकात की थी. बैठक के बाद, सिंह ने कहा, “हमारे सभी प्रस्तावों को रूसी पक्ष से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. मैं अपनी चर्चाओं को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हूं.” रूसी पक्ष ने यह भी आश्वासन दिया कि मौजूदा अनुबंधों को “बनाए रखा जाएगा और न केवल बनाए रखा जाएगा, कई मामलों में कम समय में आगे ले जाया जाएगा”.
बता दें कि रक्षा मंत्री रूसी रक्षा मंत्री के निमंत्रण पर विजय दिवस परेड की 75वीं सालगिरह में शामिल होने के लिए मॉस्को (Moscow) की 3-दिवसीय यात्रा पर गए थे. परेड में 75 सदस्यों वाली भारतीय टुकड़ी की भी मजबूत भागीदारी देखी गई.


