उज्जैन । सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के बीकॉम फाउंडेशन कोर्स के पेपर में पूछे गए एक धार्मिक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।“अल्लाह के सिवा दूसरा कोई नहीं” जैसे प्रश्न पर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई है।मामले को गंभीरता से लेते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसे जांच के लिए परीक्षा समिति को सौंप दिया है।
दरअसल, हाल ही में आयोजित बीकॉम और बीसीए फाउंडेशन कोर्स के परीक्षा पेपर में एक प्रश्न पूछा गया—“अल्लाह के सिवा दूसरा कोई नहीं है”, जिसके विकल्पों में सोमेश्वर, ख़ुदा, शक्तिवान और दण्ड देने वाला शामिल थे।इस सवाल को लेकर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई और इसे संवेदनशील बताते हुए विरोध दर्ज कराया।विवाद बढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन हरकत में आया है।सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय केकुलसचिव अनिल शर्मा ने बताया की “ऐसे मामलों के लिए हमारे ऑर्डिनेंस में स्पष्ट प्रक्रिया निर्धारित है।
यदि कोई प्रश्न विवादित या अनुचित पाया जाता है तो उसे परीक्षा समिति को रेफर किया जाता है।इस मामले को भी समिति को भेज दिया गया है, जहां सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स यह देखेंगे कि प्रश्न सिलेबस और मानकों के अनुरूप है या नहीं।कमेटी की सिफारिश के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।यदि किसी प्रकार की गलती पाई जाती है तो संबंधित एग्जामिनर को नोटिस दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
“यूनिवर्सिटी के अनुसार, यह एक अकादमिक मामला है और हर पहलू की जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगा कि सवाल उचित था या नहीं, और जिम्मेदारी किसकी बनती है।फिलहाल, विवादित सवाल को लेकर जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।अब सभी की नजर परीक्षा समिति की रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस मामले में किस पर कार्रवाई होगी।


