इंदौर के नेहरू स्टेडियम में प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर द्वारा आयोजित सनातन क्रिकेट लीग की शुरुआत हो गई है। लीग के पहले मैच के साथ ही टूर्नामेंट का आगाज हुआ, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। देवकीनंदन ठाकुर का कहना है कि इंदौर में इस आयोजन को काफी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और आने वाले समय में देश के अलग-अलग हिस्सों में भी इसी तरह की सनातन क्रिकेट लीग आयोजित की जाएगी।
वहीं पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने की चर्चा पर देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि जब उन्हें बांग्लादेश के खिलाड़ी को खरीदे जाने की जानकारी मिली थी तो उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लेने का फैसला रोक दिया गया और इसके लिए उन्होंने बीसीसीआई को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिस पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीदने की बात सामने आ रही है, उसकी जानकारी वह अपनी टीम से ले रहे हैं और उसके बाद ही इस पर प्रतिक्रिया देंगे।
उनका कहना है कि सनातन क्रिकेट लीग का उद्देश्य देश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच देना है ताकि वे आगे चलकर आईपीएल और देश के लिए खेल सकें और विदेशी खिलाड़ियों की जरूरत ही न पड़े।एंकर:इधर सनातन क्रिकेट लीग को देखने के लिए प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य भी इंदौर पहुंचे। उन्होंने इस लीग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से देश के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। साथ ही सनातन नाम पर आपत्ति करने वालों पर भी उन्होंने निशाना साधा।
आईपीएल में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदे जाने की चर्चा पर अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि इस तरह का फैसला नहीं होना चाहिए। उनका मानना है कि भारतीय खिलाड़ियों को ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि पैसा देश के भीतर ही रहे और भारतीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। फिलहाल उन्होंने सनातन क्रिकेट लीग की जमकर सराहना की और इसे खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच बताया।


