Satellite images suggest Chinese activity at Himalayan border with India before clash | सैटेलाइट तस्वीरों में सामने आई चीन की करतूत: झड़प से पहले गलवान घाटी में तेज कर दी थीं गतिविधियां

बीजिंग: लद्दाख हिंसा को लेकर चीन भले ही कुछ भी कहे, लेकिन सैटेलाइट तस्वीरों से यह साफ हो जाता है कि उसने गलवान घाटी (Galwan Valley) में अपनी गतिविधियां काफी पहले से तेज कर कर दी थीं. गौरतलब है कि सोमवार को पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे. तस्वीरें बताती हैं कि इससे करीब एक हफ्ते पहले से चीनी सेना ने इलाके में अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया था. सैटेलाइट तस्वीरों के सामने आने के बाद यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि क्या चीन लद्दाख की घटना को पहले से अंजाम देने की तैयारियों में जुटा था?   

गलवान घाटी रणनीतिक रूप से भारत के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह अक्साई-चिन से सटी हुई है. सैटेलाइट तस्वीरें अर्थ-इमेजिंग कंपनी प्लैनेट लैब्स (Planet Labs) द्वारा खीचीं गई हैं. एक विशेषज्ञ के मुताबिक, इन तस्वीरों से पता चलता है कि चीन घाटी के परिदृश्य को बदलने में लगा है. वहां ट्रैक चौड़े किये जा रहे हैं, साथ ही ऐसा लगता है जैसे नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है. चीन ने इस इलाके में बुल्डोजर भी तैनात किये हैं, जिससे उसकी मंशा का अंदाजा लगाया जा सकता है. 

कैलिफोर्निया के मिडलबरी इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज में ईस्ट एशिया नॉन प्रोलिफरेशन प्रोग्राम के निदेशक ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि चीन घाटी में सड़कों का निर्माण कर रहा है और संभवतः नदी को नुकसान पहुंचा रहा है’. गौरतलब है कि भारत और चीन की सेनाओं के बीच हाल में हुआ संघर्ष 1967 के बाद से सबसे गंभीर है. मई की शुरुआत से ही दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था, जो बीते सोमवार को हिंसक झड़प में तब्दील हुआ.

चीन लद्दाख हिंसा को लेकर भारत के आरोपों को खारिज कर रहा है. उसका कहना है कि पश्चिमी हिमालय में 14,000 फीट (4,300 मीटर) की ऊंचाई पर हुए इस संघर्ष के लिए भारतीय सेना जिम्मेदार है. भारत और चीन के बीच 4,056 किलोमीटर (2,520 मील) की सीमा पश्चिम में ग्लेशियरों, बर्फीले रेगिस्तानों और नदियों से होते हुए पूर्व के घने जंगलों तक जाती है.

इधर, सैन्य अभ्यास में जुटा चीन
इस बीच, चीन यह दर्शाने में लगा है कि वह हर स्थिति के लिए तैयार है. चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें दिखाया गया है कि चीन सैन्य अभ्यास में जुट गया है. वीडियो में सैन्य वाहनों को कूच करते देखा जा सकता है. ग्लोबल टाइम्स ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, ‘हाल ही में चीन की PLA वेस्टर्न थिएटर कमांड द्वारा आयोजित ड्रिल में सैकड़ों सैन्य वाहनों को देखा गया. ड्रिल का उद्देश्य सैनिकों की युद्धाभ्यास की क्षमता में सुधार करना है’.

ये भी देखें…




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here