मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 13 नवंबर को प्रस्तावित पिछोर दौरे से पहले क्षेत्र की उम्मीदें बढ़ गई हैं। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा है कि मुख्यमंत्री के आगमन पर उनके डायमंड कार्यकर्ता पिछोर को जिला बनाने और ऐतिहासिक किले के सौंदर्यीकरण की मांग उठाएंगे। विधायक का कहना है कि पिछोर को अब तक कई उपलब्धियां मिली हैं, लेकिन क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के लिए इसे जिला बनाने के साथ पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करना जरूरी है। इसके अलावा पिछोर को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी।विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि पिछोर के ऐतिहासिक किले का सौंदर्यीकरण कराया जाना चाहिए, ताकि इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके। किले पर रिसॉर्ट बनाया जाए, जिससे देशभर से पर्यटक और सैलानी यहां पहुंचें। इससे पिछोर को पर्यटन के क्षेत्र में अलग पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पिछोर को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी। उनके डायमंड कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के सामने जिले और किले को विकसित करने की मांग करेंगे। इसके साथ ही पिछोर क्षेत्र को ट्रेन मार्ग से जोड़ने की मांग भी उठाई जाएगी, ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके।12 से 14 नवंबर तक शिवपुरी में रहेंगे सिंधियागौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में प्रस्तावित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। वहीं केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी 12 से 14 नवंबर तक शिवपुरी जिले का प्रस्तावित दौरा है। इस दौरान वे जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर कोलारस सहित अन्य क्षेत्रों में भी तैयारियां की जा रही हैं।मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कोलारस और पिछोर पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया है।


