कैबिनेट विस्तार में शिवराज और उमा भारती की जुगलबंदी, सुबह होगी शपथ


भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार शनिवार सुबह 8:45 बजे होगाम इसमें तीन मंत्री शपथ लेंगे। चौंकाने वाला नाम उमा भारती के भतीजे राहुल लोधी का है।
शिवराज सिंह चौहान की वर्तमान सरकार के तीसरे विस्तार में ना तो पार्टी आलाकमान की चली और ना ही प्रदेश संगठन की या फिर प्रदेश के किसी बड़े नेता की सिफारिश मानी गई। मंत्री बनाए जाने वाले नेताओं का नाम शिवराज सिंह चौहान ने तय किया और उनकी मर्जी के नेता ही कल शपथ लेंगे। शिवराज के साथ यदि प्रदेश के किसी बड़े नेता की इस मामले में चली है तो वह है पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, जिनके भतीजे राहुल लोधी को भी कल राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। राहुल पहली बार के विधायक हैं और उनसे ज्यादा अनुभवी कई विधायक मंत्री पद की रेस में थे। लोधी वर्ग के राहुल के अलावा पूर्व मंत्री गौरी शंकर बिसेन और पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस विस्तार की बाट पिछले एक हफ्ते से देखी जा रही थी और सहमति न बन पाने के कारण यह बार-बार टल रहा था। अंततः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश नेतृत्व, कैलाश विजयवर्गीय,नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फगन सिंह कुलस्ते जैसे तमाम दिग्गज नेताओं को जता दिया कि कैबिनेट उनकी है और इसमें उनकी पसंद के लोग ही शामिल होंगे। बता दें कि इसके पहले प्रदेश में जो भी मंत्री बने उनके नाम दिल्ली से तय हुए थे। इस कारण विंध्य के दिग्गज ब्राह्मण नेता और शिवराज की खासमखास राजेंद्र शुक्ला मंत्री बनने से चूक गए थे। वहीं बालाघाट के पंवार नेता गौरीशंकर बिसेन भी कैबिनेट में नहीं आ पाए थे। बिसेन को तो शिवराज ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाकर कैबिनेट मंत्री दर्जा दे दिया था। अब उन्हें अंतिम तीन महीने के लिए सरकार में शामिल किया जा रहा है। शिवराज के एक और करीबी रामपाल सिंह इस बार भी मंत्री बनने से चूक गए। मुख्यमंत्री ने रामपाल को हाल ही में राज्य स्तरीय अंत्योदय समिति का अध्यक्ष बनाया था और कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था। रामपाल ने इस पद को लेने से दो दिन पहले ही इनकार कर दिया था। अब देखना है कि रामपाल कल कैबिनेट में शामिल हो पाते हैं या फिर कैबिनेट दर्जा लेकर ही संतुष्ट होते हैं।

Latest Madhya Pradesh news online

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here