भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में पंचकर्म सुपर स्पेशलिटी एवं वेलनेस केंद्र और रजत जयंती ऑडिटोरियम भवन का रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि एलोपैथी की अपनी उपयोगिताएं हैं, लेकिन आयुर्वेद एक संपूर्ण विधा है। उन्होंने कहा कि आज आयुर्वेद का लोहा पूरी दुनिया मान रही है। शिवराज ने कहा कि कोविड के समय में जब कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था, तब आयुर्वेद और योग ने रास्ता दिखाया। सीएम शिवराज ने सभी सरकारी अस्पताल में आयुर्वेदिक इलाज भी मुहैया कराने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हमेशा से ही आयुर्वेद और योग के हिमायती रहे हैं, यही वजह है कि मध्यप्रदेश में आयुर्वेद इलाज को बढ़ावा दिया जा रहा है…जो लोगों के लिए किफायती होने के साथ-साथ शरीर के लिए भी मुफीद रहता है।

