सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा के ग्राम कोसमी में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। गरीब और आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े जाने, फसलें नष्ट होने और पानी के कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने के मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए शिवराज सिंह चौहान और विधायक रमाकांत भार्गव पीड़ित परिवारों के समर्थन में धरने पर बैठ गए। शिवराज सिंह चौहान ने प्रभावित परिवारों के लिए नए घर बनवाने और स्थायी व्यवस्था होने तक रहने-खाने का इंतजाम कराने का भरोसा दिया है।बुधनी विधानसभा के ग्राम कोसमी में वन विभाग की कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के सामने आवास और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवारों के मकान तोड़े जाने के साथ मक्का और तुअर की फसलें नष्ट होने तथा पानी के लिए उपयोग किए जाने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने की बात सामने आई है।मामले की जानकारी मिलने पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कोसमी पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन पर जताई नाराजगीमौके पर वन विभाग और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर शिवराज सिंह चौहान ने नाराजगी जताई। उन्होंने घटनास्थल से ही मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को फोन कर मामले की जानकारी दी और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भी चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी इस विषय पर चर्चा करने की बात कही। धरने पर बैठे शिवराज और विधायक भार्गवपीड़ित परिवारों के समर्थन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव धरने पर बैठ गए। शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने उनके लिए नए मकान बनवाने और स्थायी आवास की व्यवस्था होने तक रहने-खाने का इंतजाम सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया।कोसमी में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास की उम्मीद है। अब सबकी निगाहें प्रशासन और सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


