सिंगरौली को मिलेगी नए मेडिकल कॉलेज की सौगात, 15 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा लाभ

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्राथमिकताओं में स्वास्थ्य क्षेत्र अग्रणी है, वो अक्सर विभिन्न कार्यक्रमों में इस बात को प्रमुखता से कहते भी हैं। सिंगरौली जिले में भी अब स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार हो रहा है। 22 जनवरी को सीएम शिवराज सिंगरौली में नए मेडिकल कॉलेज की आधार शिला रखेंगे। जिससे आसपास के क्षेत्र के 15 लाख से अधिक लोगों को इलाज बेहतर सुविधा मुहैया होगी और लोगों को बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
सीएम शिवराज रखेंगे नए मेडिकल कॉलेज की आधार शिला
सिंगरौली जिला देश के आकांक्षी जिलों में से एक है, लिहाजा यहां केंद्र सरकार ने मेडिकल कॉलेज के लिए 325 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। चिकित्सा सुविधाओं में विस्तार के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 जनवरी को नए मेडिकल कॉलेज की आधार शिला रखेंगे। इसके स्थापित होने से न केवल 150 एम.बी.बी.एस. सीट्स अतिरिक्त रूप से प्राप्त होगी, बल्कि जिले और समीपस्थ क्षेत्रों के 15 लाख से अधिक नागरिकों को चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
शिव’राज’ में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
मध्यप्रदेश में पिछले 20 वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य संबंधी अधोसंरचना, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टॉफ की उपलब्धता को सुनिश्चित करने की दिशा में मध्यप्रदेश में तेजी से काम हुआ है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक वर्ष 2003 में स्वास्थ्य संस्थाओं में कुल 21 हजार 234 बिस्तर उपलब्ध थे, जो अब बढ़कर 42 हजार 911 हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here