शेयर बाजार: 5 दिन की तेजी पर लगा ब्रेक, आईटी शेयरों की बिकवाली से सेंसेक्स 607 अंक टूटा

घरेलू शेयर बाजार में लगातार पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी शुक्रवार को थम गई। आईटी सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली के दबाव के चलते बाजार में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 900 अंकों से अधिक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 50 भी 23,950 के नीचे पहुंच गया था।अंत में बीएसई सेंसेक्स 607.08 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,802.90 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 154.90 अंक यानी 0.64 प्रतिशत टूटकर 24,013.10 अंक पर आ गया। उल्लेखनीय है कि पिछले पांच सत्रों में दोनों प्रमुख सूचकांक 5 प्रतिशत से अधिक चढ़ चुके थे।सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 गिरावट के साथ बंद हुए। आईटी दिग्गज इन्फोसिस में सबसे अधिक 6.41 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा टीसीएस, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा स्टील के शेयरों में भी कमजोरी रही।हालांकि, बाजार में कुछ शेयरों ने मजबूती दिखाई। इटरनल, भारती एयरटेल, पावरग्रिड, ट्रेंट, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।इस बीच, विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया लगभग स्थिर रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.32 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 94.3325 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here