छतरपुर/ नगर में राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया के नेतृत्व में नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर एक ऐतिहासिक और भव्य विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। भक्ति, उत्साह और माता के जयकारों के गूंज के बीच निकाली गई यह चुनरी यात्रा नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई पर्वत पर विराजमान माँ बम्बर बैनी के दरबार पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने माँ के चरणों में विशाल चुनरी अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।गाजे-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ नगर भ्रमण, सिंचाई कॉलोनी से हुआ यात्रा का शुभारंभचुनरी यात्रा का विधिवत प्रारंभ दोपहर 1:00 बजे सिंचाई कॉलोनी स्थित दुर्गा माता मंदिर में माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात् विधायक अरविंद पटेरिया की अगुवाई में ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की थाप पर थिरकते श्रद्धालुओं का जुलूस आगे बढ़ा। भगवा ध्वजों और तोरण द्वारों से सजे लवकुशनगर के प्रमुख चौराहों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।पहली बार नवनिर्मित सड़क मार्ग से शिखर पर पहुँचे भक्त, मिली सीढिय़ों की कठिन चढ़ाई से राहतइस वर्ष की चुनरी यात्रा में श्रद्धालुओं को एक विशेष सौगात मिली। ऊंचे पर्वत पर विराजमान माँ बम्बर बैनी के मंदिर तक पहुँचने के लिए भक्तों को सीढिय़ों की कठिन चढ़ाई की जगह नवनिर्मित कच्ची सड़क मार्ग की सुविधा प्राप्त हुई। इस नए रास्ते के बनने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने बिना किसी परेशानी के सुगमता से पहाड़ के शिखर तक पहुँचकर दर्शन किए।क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ पुलिस प्रशासन रहा तैनातपर्वत शिखर पर पहुँचकर विधायक अरविंद पटेरिया एवं जनसमुदाय ने माँ बम्बर बैनी को चुनरी ओढ़ाई और क्षेत्र की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं प्रगति के लिए प्रार्थना की। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न थानों के प्रभारी दल-बल के साथ उपस्थित रहे।


