मध्य प्रदेश के सुशासन और विकास का गवाह है जन दर्शन में विशाल जनसैलाब

  • विकास पर्व के दौरान कटनी जिले के बड़गांव पहुंचे सीएम शिवराज
  • कटनी को दी ₹313 करोड़ 23 लाख के विकास कार्यों की सौगात

भोपाल। कटनी जिले के बड़गांव में सड़कों पर उमड़ा यह विशाल जनसैलाब मध्य प्रदेश में सुशासन और विकास की गवाही दे रहा है। आज का दिन बड़गांव के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज ₹313 करोड़ 23 लाख की 4 नवीन योजनाओं का भूमिपूजन हुआ है।मेरी बहनों, अब आपको हैंडपंप और कुएं पर पानी लेने नहीं जाना पड़ेगा। हम पाइप लाइन बिछा कर, घर पर टोंटी वाला नल लगा कर पीने का पानी पहुंचा रहे हैं। बहनों के खातों में 3 हजार रुपये देने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। य​ह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी जिले के बड़गाँव में कही। मुख्यमंत्री यहां पर विकास पर्व के अंतर्गत निकाली जा रही जन दर्शन यात्रा में शामिल हो रहे थे। मुख्यमंत्री ने यहां ₹313 करोड़ 23 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया। सीएम शिवराज ने कहा कि हम पाइप लाइन बिछा कर टोंटी वाला नल लगा कर हर घर में पानी पहुंचा रहे हैं। इसके लिए बड़गांव में ₹279.30 करोड़ रुपये लागत की ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया है। इससे कटनी जिले के 159 गांव, रीठी के 109, जनपद कटनी के 50 गांव इस परियोजना का कार्य पूर्ण होने पर लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ₹1011 करोड़ 5 लाख लागत की बहौरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना स्वीकृत कर दी है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग 80 हजार एकड़ कृषि भूमि पर सिंचाई होगी। कटनी तहसील के 5 गांव, बहौरीबंद के 86 गांव, रीठी के 17 गांव, स्लीमनाबाद के 43 गांव में सिंचाई की व्यवस्था होगी और हमारे किसान भाइयों के खेतों में फसल लहलहाएगी। सीएम​ शिवराज ने यहां पर करीब 2 किमी लंबी जन दर्शन यात्रा भी की, जहां पर अपार जनसमूह उमड़ा।

बहनों ने 109 कलशों से किया स्वागत


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़गांव हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरते ही सीधे लाड़ली बहनों से मिलने पहुंचे। इस दौरान बहनों ने सीएम पर पुष्प वर्षा कर 109 पवित्र जल कलशों से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

हर बहन को 3 हजार दूंगा


मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत 10 जून, 10 जुलाई को लाडली बहनों के खातों में ₹1000 डाले गए हैं। अब 10 अगस्त फिर आ रहा है, उनके खातों में फिर एक-एक हजार रुपए की राशि डाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल भले अभी ₹1000 दिए जा रहे हो, लेकिन इस राशि को बड़ा बढ़ाकर ₹3000 तक किया जाएगा। आज से फिर से योजना के लिए फॉर्म भरे जाने शुरू हो गए हैं, जिन बहनों के पास ट्रैक्टर है,​ जिनकी उम्र 21 वर्ष है, वे भी फॉर्म भर सकती हैं।

कटनी जिले को मिली यह सौगात

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कटनी जिले को कई विकास कार्यों की सौगात दी। 159 गांवों को मिलेगा पेयजल के लिए योजना का भूमिपूजन किया गया। इससे रीठी जनपद के 109 और कटनी जनपद के 50 गांव लाभान्वित होंगे। वहीं, 13 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बहोरीबंद जलाशय की नहरों का मरम्मत और पुनर्निर्माण होगा। 12 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से ITI भवन और बालक बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाया जाएगा। 7 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से स्लीमानाबाद का संयुक्त तहसील कार्यालय भवन बनाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here