उज्जैन। मिडिल ईस्ट मे जारी भीषण युद्ध और अस्थिर अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों ने अब उज्जैन की सामाजिक व्यवस्थाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया है। गैस आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर धार्मिक और मांगलिक आयोजनों पर पड़ रहा है। इसका ताजा उदाहरण चिंतामन स्थित श्री श्यामधाम आश्रम के कार्यक्रम में देखने को मिला जहाँ सामूहिक विवाह की रसोई व्यवस्था सिलेंडर की कमी के कारण चरमरा गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति में देरी ने स्थानीय स्तर पर किल्लत की स्थिति पैदा कर दी है। श्री श्यामधाम आश्रम के महंत संत राधे-राधे बाबा श्री श्यामगिरी महाराज ने बताया कि 11 जोड़ों के निःशुल्क सामूहिक विवाह के लिए विशाल भंडारे का आयोजन था, लेकिन गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने से बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।
बाबा ने साझा किया कि उपहार स्वरूप दिए जाने वाले गैस कनेक्शन भी तुरंत उपलब्ध नहीं हो सके। भोजन तैयार करने के लिए टीम को शहर के विभिन्न हिस्सों से सिलेंडर मांगकर इकट्ठा करने पड़े। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा का संकल्प अटूट है और समाज के सहयोग से यह मांगलिक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, लेकिन सिलेंडर की यह कमी आने वाले समय के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।
बाइट — महंत श्यामगिरि महाराज ,राधे राधे बाबा


