छतरपुर में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बना रहे ठग, चेन ठगी की दो वारदातों से दहशत, घटना cctv में कैद

छतरपुर, मध्य प्रदेश:छतरपुर शहर में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया है। 5 अप्रैल को कोतवाली और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग घटनाओं में आरोपियों ने एक ही तरीके से महिलाओं को झांसे में लेकर उनके सोने के गहने गायब कर दिए।जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाने के ठीक बगल में हुई घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो युवक एक बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर उसके गहने उतरवाते नजर आ रहे हैं।

आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल से शहर में घूमते हुए वारदात को अंजाम दे रहे थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।इसी दिन सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई, जहां आरोपियों ने खुद को परिचित बताकर महिला को विश्वास में लिया और चेन उतरवाकर उसे पुड़िया में बांधकर वापस देने का नाटक किया। बाद में महिला को घर जाकर पुड़िया खोलने की सलाह दी गई, लेकिन उसमें गहने नहीं थे।

मामले में सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि दोनों घटनाओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।पुलिस ने शहरवासियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों से सतर्क रहने और किसी भी अजनबी व्यक्ति पर भरोसा न करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here